govt-ads

स्कूली वाहनों की सुरक्षा जांचने सड़क पर उतरी संयुक्त टीम, तीन बसों के चालान

Blog
 Image

रुद्रप्रयाग में विधिक सेवा प्राधिकरण, परिवहन और पुलिस विभाग ने चलाया संयुक्त निरीक्षण अभियान, बसों में प्राथमिक उपचार पेटी और सुरक्षा उपकरणों की मिली कमी,

 

रुद्रप्रयाग। स्कूली बच्चों और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जनपद में स्कूली एवं यात्री वाहनों का सघन निरीक्षण किया जा रहा है। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) और उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देशों पर 16 से 22 नवंबर तक संचालित राज्यव्यापी विशेष अभियान के तहत मंगलवार को रुद्रप्रयाग में विधिक सेवा प्राधिकरण, परिवहन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने स्कूल बसों का निरीक्षण किया। इस दौरान अनियमितताएं पाए जाने पर अनूप नेगी मेमोरियल स्कूल, गुलाबराय की तीन बसों के चालान किए गए।

 

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं सिविल जज (सीनियर डिवीजन) पायल सिंह के नेतृत्व में गठित संयुक्त टीम ने अनूप नेगी मेमोरियल स्कूल, गुलाबराय और क्रिस ज्योति एकेडमी, रैतौली में संचालित स्कूल बसों का स्थलीय निरीक्षण किया। टीम ने वाहनों की तकनीकी स्थिति, आवश्यक दस्तावेजों, सुरक्षा उपकरणों और यातायात नियमों के अनुपालन की जांच की।

 

निरीक्षण के दौरान अनूप नेगी मेमोरियल स्कूल की तीन बसों में निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप व्यवस्थाओं की कमी पाई गई। बसों में प्राथमिक उपचार पेटी, आवश्यक लाइटों और अन्य अनिवार्य सुरक्षा सुविधाओं का अभाव सामने आया। इन कमियों और यातायात नियमों के उल्लंघन को गंभीरता से लेते हुए परिवहन विभाग ने तीनों बसों के चालान किए। साथ ही विद्यालय प्रबंधन को तत्काल सभी कमियां दूर कर वाहनों में निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

 

संयुक्त टीम ने विद्यालय प्रबंधन और वाहन संचालकों को स्पष्ट किया कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बच्चों को लाने-ले जाने वाले प्रत्येक वाहन में आवश्यक सुरक्षा उपकरण, आपातकालीन सुविधाएं और वैध दस्तावेज उपलब्ध होना अनिवार्य है। वाहन चालकों को निर्धारित गति सीमा का पालन करने और बच्चों की सुरक्षा के प्रति विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए गए।

 

इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव पायल सिंह ने कहा कि बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करना केवल विद्यालय या वाहन चालक की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि विद्यालय प्रबंधन, अभिभावकों और संबंधित विभागों का साझा दायित्व है। बच्चों के आवागमन को सुरक्षित बनाने के लिए सभी को निर्धारित नियमों और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करना होगा।

 

उन्होंने कहा कि संयुक्त निरीक्षण अभियान का उद्देश्य केवल नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करना नहीं, बल्कि विद्यालय प्रबंधन, वाहन संचालकों और आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना भी है। संयुक्त निरीक्षण टीम में एआरटीओ धर्मेंद्र बिष्ट, परिवहन विभाग के आरआई चेतन प्रकाश, यातायात निरीक्षक कैलाश चंद्र शर्मा और पुलिस विभाग के वरिष्ठ सहायक कमलेश नेगी शामिल रहे।

 

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने जनपद के सभी विद्यालय प्रबंधनों, वाहन संचालकों और अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। विशेष निरीक्षण अभियान 22 नवंबर तक जारी रहेगा। इस दौरान जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में स्कूल बसों, वैन, कैब और यात्री बसों की जांच की जाएगी। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित विभागों की ओर से नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।