केदारनाथ यात्रा में ‘VIP’ बनने का शौक पड़ा भारी,
अवैध हूटर और ‘बिहार सरकार’ लिखी स्कॉर्पियो सीज,
फर्जी रुतबा दिखाने की कोशिश पर रुद्रप्रयाग पुलिस की बड़ी कार्रवाई,
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम यात्रा मार्ग पर नियमों को धता बताकर वीआईपी रुतबा दिखाने और प्रशासनिक पहचान का दुरुपयोग करने की कोशिश एक वाहन चालक को भारी पड़ गई। रुद्रप्रयाग पुलिस ने "ऑपरेशन प्रहार" के तहत चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान अवैध हूटर और ‘बिहार सरकार’ लिखी स्कॉर्पियो को पकड़कर न केवल उसका फर्जी रुतबा उतार दिया, बल्कि वाहन को मौके पर ही सीज कर सख्त संदेश भी दे दिया कि चारधाम यात्रा में नियमों से ऊपर कोई नहीं है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार 7 जून को कोतवाली सोनप्रयाग पुलिस एवं यातायात पुलिस द्वारा केदारनाथ यात्रा मार्ग पर संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान सफेद रंग की एक स्कॉर्पियो (वाहन संख्या बीआर 01 एफटी 2735) पुलिस की नजर में आई। वाहन पर बड़े अक्षरों में ‘बिहार सरकार’ लिखा हुआ था तथा उसमें अवैध रूप से हूटर और नेम प्लेट लगाई गई थी, जिससे आम लोगों और प्रशासन पर प्रभाव डालने का प्रयास किया जा रहा था।
पुलिस द्वारा वाहन की जांच और पूछताछ किए जाने पर चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। वाहन में मौजूद कोई भी व्यक्ति उस नेम पट्टिका से संबंधित नहीं पाया गया और न ही वाहन पर लगाए गए हूटर एवं राजकीय पहचान चिह्नों के उपयोग का कोई वैध अधिकार प्रस्तुत किया जा सका। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि केदारनाथ यात्रा के दौरान वीआईपी सुविधाएं हासिल करने और विभिन्न चेकिंग बिंदुओं पर विशेष लाभ लेने के उद्देश्य से वाहन पर फर्जी तरीके से हूटर एवं राजकीय पट्टिका का इस्तेमाल किया जा रहा था।
रुद्रप्रयाग पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की। वाहन से अवैध हूटर और नेम पट्टिका को जब्त कर लिया गया तथा मोटर वाहन अधिनियम (एमवी एक्ट) के तहत स्कॉर्पियो को मौके पर ही सीज कर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर ने स्पष्ट किया कि केदारनाथ यात्रा मार्ग पर किसी भी प्रकार की वीआईपी संस्कृति, फर्जी सरकारी पहचान, अवैध हूटर, दबंगई या यातायात नियमों के उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यात्रा की सुचारू व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार की कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
रुद्रप्रयाग पुलिस की इस कार्रवाई को यात्रा मार्ग पर कानून व्यवस्था बनाए रखने और फर्जी रसूख दिखाने वालों पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। यह कार्रवाई उन लोगों के लिए भी कड़ा संदेश है जो सरकारी पहचान या विशेषाधिकारों का झूठा प्रदर्शन कर नियमों से बचने की कोशिश करते हैं।