रुद्रप्रयाग। बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने, सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने तथा आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से बुधवार को प्रोजेक्ट स्नेह के तहत राष्ट्रीय इंटर कॉलेज मनसूना में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं को कानूनी अधिकार, मासिक धर्म स्वच्छता, साइबर अपराध, गुड टच-बैड टच, बाल विवाह और किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक एवं मानसिक परिवर्तनों की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर ने की। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बालिकाओं का जागरूक, शिक्षित और आत्मनिर्भर होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने छात्राओं से शिक्षा को प्राथमिकता देने, अपने अधिकारों को समझने और आत्मविश्वास के साथ जीवन में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. मोनिका सजवाण ने मासिक धर्म स्वच्छता, किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक एवं मानसिक बदलाव तथा टीनएज प्रेग्नेंसी जैसे विषयों पर जानकारी देते हुए छात्राओं को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और किसी भी समस्या को लेकर संकोच न करने की सलाह दी।
वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक रंजना गैरोला भट्ट ने बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, पॉक्सो एक्ट और चाइल्ड हेल्पलाइन की जानकारी देते हुए बाल विवाह के दुष्परिणामों से अवगत कराया। वहीं बाल कल्याण समिति की सदस्य ममता शैली ने बच्चों के संरक्षण के लिए संचालित योजनाओं और सहायता तंत्र की जानकारी साझा की।
उपनिरीक्षक पूजा रावतने छात्राओं को साइबर सुरक्षा, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन ठगी और डिजिटल पहचान की सुरक्षा के बारे में जागरूक किया। उन्होंने साइबर अपराधों से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां भी बताईं।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने विभिन्न विषयों पर अपनी जिज्ञासाएं रखीं, जिनका विशेषज्ञों ने समाधान किया। विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं और बड़ी संख्या में छात्राओं की उपस्थिति में आयोजित यह कार्यक्रम बालिकाओं के सशक्तिकरण और जागरूकता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।