देहरादून। उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम ने करवट ले ली है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने गुरुवार को प्रदेश के कई जिलों के लिए भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी करते हुए लोगों और प्रशासन को सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग के अनुसार राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है। वहीं कुछ जिलों में अत्यधिक वर्षा और तेज बारिश के दौर को देखते हुए ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार देहरादून, चमोली और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा होने की प्रबल संभावना है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और अत्यधिक तीव्र बारिश के दौर आने की आशंका जताई गई है। संभावित खतरे को देखते हुए इन तीनों जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा टिहरी, उत्तरकाशी, पौड़ी, पिथौरागढ़, चंपावत, नैनीताल और रुद्रप्रयाग जिलों में भी कहीं-कहीं भारी बारिश का अनुमान लगाया गया है। इन जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी करते हुए स्थानीय प्रशासन को पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। मौसम विभाग का कहना है कि लगातार हो रही बारिश के कारण पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन, चट्टान गिरने और सड़कें बाधित होने जैसी घटनाएं सामने आ सकती हैं। बारिश के इस दौर को देखते हुए राज्य आपदा प्रबंधन विभाग और जिला प्रशासन को अलर्ट मोड पर रहने को कहा गया है। संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने, आपातकालीन सेवाओं को सक्रिय रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर त्वरित राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। पर्वतीय जिलों में मशीनरी और राहत दलों को भी तैयार रहने के लिए कहा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके। मौसम विभाग ने आम नागरिकों और यात्रियों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। लोगों से कहा गया है कि तेज बारिश के दौरान नदी-नालों और बरसाती गधेरों के आसपास जाने से बचें। पहाड़ी मार्गों पर यात्रा करते समय पूरी सतर्कता बरतें तथा भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही न करें। यदि अत्यधिक बारिश हो रही हो तो सुरक्षित स्थान पर रुककर मौसम सामान्य होने का इंतजार करें।
Trending
प्रोजेक्ट स्नेह के तहत मनसूना इंटर कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम, बालिकाओं को कानूनी अधिकार, साइबर सुरक्षा और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी गई
उत्तराखण्ड में भारी बारिश का असर, पहाड़ी सड़कें हो सकती हैं प्रभावित
अतिक्रमण अभियान के समय को लेकर दुकानदारों ने जताई चिंता
उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट, तीन जिलों के लिए ऑरेंज चेतावनी,बिजली और भूस्खलन का भी खतरा
कंटेंट बूस्टिंग को लेकर मेटा से हुए कड़े सवाल
फर्जी टीईटी प्रमाणपत्र के सहारे बने शिक्षक, अल्मोड़ा में तीन सहायक अध्यापक निलंबित,शिक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई
5 हजार रुपये के शक में दोस्त बना कातिल, रुद्रपुर में बेरहमी से हत्या,सीसीटीवी और तकनीकी जांच से खुला राज
मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना पर जिला स्तरीय कार्यशाला, युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार के लिए किया प्रेरित