Apr 10, 2026
govt-ads

गुलदार की खाल के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, अवैध वन्यजीव तस्करी के नेटवर्क पर करारा प्रहार

post-img

रुद्रप्रयाग पुलिस की बड़ी कार्रवाई,

रूद्रप्रयाग। उत्तराखण्ड में अपराधों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” और चारधाम यात्रा को सुरक्षित बनाने के लिए जारी बॉर्डर चेकिंग अभियान के बीच रुद्रप्रयाग पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसओजी टीम ने नगरासू क्षेत्र में चेकिंग के दौरान दो शातिर वन्यजीव तस्करों को गुलदार की खाल के साथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से अवैध वन्यजीव तस्करी के नेटवर्क पर करारा प्रहार माना जा रहा है।

घटना बीते नौ अप्रैल की शाम की है, जब पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी रुद्रप्रयाग के पर्यवेक्षण में एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक रणजीत खनेडा अपनी टीम के साथ नगरासू बस अड्डे के पास सघन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक संदिग्ध स्कूटी (एक्टिवा संख्या यूके 11 ए 8349) को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन सवार दो व्यक्तियों के कब्जे से गुलदार की खाल बरामद हुई, जिससे मौके पर ही हड़कंप मच गया।

सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने बरामद खाल की पुष्टि गुलदार की खाल के रूप में की। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे इस खाल को जोशीमठ से हरिद्वार ले जाकर लाखों रुपये में बेचने की योजना बना रहे थे। पुलिस के अनुसार यह गिरोह लंबे समय से वन्यजीव तस्करी में सक्रिय हो सकता है और इससे जुड़े अन्य नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली रुद्रप्रयाग में मु.अ.सं. 22/2026 के तहत वन्य जीव (संरक्षण) अधिनियम 1972 की धारा 9, 39, 50, 51 व 52 में मुकदमा दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस की इस कार्रवाई को चारधाम यात्रा से पहले सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनोहर लाल (40 वर्ष), निवासी ग्राम हाट, पीपलकोटी, जिला चमोली तथा सुरेश लाल (35 वर्ष), निवासी ग्राम पैनी, थाना जोशीमठ, जिला चमोली के रूप में हुई है। कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में उपनिरीक्षक रणजीत खनेडा, कांस्टेबल देवेंद्र सिंह, दीपक प्रसाद और रविंद्र सिंह शामिल रहे, जबकि वन विभाग की ओर से डिप्टी रेंजर दिनेश चंद्र और वन आरक्षी आकाश रावत मौजूद रहे।