Apr 10, 2026
govt-ads

सिरोबगड़ लैंडस्लाइड जोन का डीएम ने किया निरीक्षण, यात्रा मार्ग की सुरक्षा और स्वच्छता पर विशेष फोकस

post-img

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम यात्रा को लेकर प्रशासन ने धरातल पर कार्य करना शुरू कर दिया है। यात्रा को सुरक्षित, सुगम, स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन रुद्रप्रयाग पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। तैयारियों को अंतिम रूप देने के क्रम में जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने यात्रा मार्ग पर स्थित अति संवेदनशील सिरोबगड़ लैंडस्लाइड जोन का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने इस संवेदनशील क्षेत्र में सड़क मार्ग को सुचारू बनाए रखने के लिए किए जा रहे सुरक्षात्मक एवं मरम्मत कार्यों का गहन जायजा लिया। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि मार्ग पर किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो और श्रद्धालुओं को आवागमन में असुविधा का सामना न करना पड़े। जिलाधिकारी ने यात्रा व्यवस्थाओं के तहत स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विभिन्न स्थानों पर बने सार्वजनिक शौचालयों का औचक निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने सफाई, पेयजल एवं विद्युत व्यवस्थाओं की स्थिति का आंकलन किया। नरकोटा स्थित शौचालय में सफाई व्यवस्था संतोषजनक पाई गई, जबकि विद्युत सुविधा के अभाव पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शीघ्र व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा जिलाधिकारी ने रुद्रप्रयाग के मुख्य बाजार स्थित मकड़ी बाजार के सार्वजनिक शौचालय का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश देते हुए स्वच्छता और मूलभूत सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ करने पर जोर दिया। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि केदारनाथ यात्रा 2026 के सफल संचालन हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण की जा रही हैं। यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन हर स्तर पर मुस्तैदी के साथ कार्य कर रहा है।