सीडीओ की अध्यक्षता में अधिकारियों और कर्मचारियों को सिखाई गई स्व-गणना की प्रक्रिया, प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
रुद्रप्रयाग। आगामी जनगणना को लेकर जनपद में तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में सोमवार को विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र सिंह रावत की अध्यक्षता में स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) को लेकर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों और शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों को ऑनलाइन स्व-गणना पंजीकरण की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। वहीं, जनगणना के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से मुख्य विकास अधिकारी और अपर जिलाधिकारी ने प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर तीनों विकासखंडों के लिए रवाना किया। यह वाहन गांव-गांव पहुंचकर लोगों को स्व-गणना की प्रक्रिया के बारे में जागरूक करेगा।
कार्यशाला में बताया गया कि डिजिटल इंडिया अभियान के तहत जनगणना में स्व-गणना का विकल्प भी उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके माध्यम से परिवार अपनी सुविधानुसार घर बैठे ही परिवार के सदस्यों का आवश्यक विवरण ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। इसके लिए [https://se.census.gov.in](https://se.census.gov.in) पोर्टल का उपयोग किया जाएगा। पोर्टल प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर जनसंख्या गणना शुरू करने से ठीक पहले 15 दिनों की अवधि के लिए खुला रहेगा। यह पोर्टल हिंदी, अंग्रेजी सहित विभिन्न क्षेत्रीय भाषाओं में उपलब्ध होगा।
प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि पोर्टल पर परिवार का विवरण सफलतापूर्वक दर्ज करने के बाद 'P' अक्षर से शुरू होने वाली 11 अंकों की विशिष्ट स्व-गणना आईडी जारी होगी, जो पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस के माध्यम से प्राप्त होगी। परिवार के सदस्यों के साथ इस आईडी को साझा करना जरूरी होगा, ताकि प्रगणक के घर पहुंचने पर परिवार का कोई भी सदस्य उन्हें आईडी उपलब्ध करा सके। इसके आधार पर ऑनलाइन दर्ज विवरण का सत्यापन और अंतिम प्रस्तुतीकरण किया जाएगा।
मास्टर ट्रेनर एवं आईटीआई रुद्रप्रयाग के अनुदेशक योगेश रैवानी और संदीप कुमार ने प्रतिभागियों को स्व-गणना की पूरी प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से समझाई। उन्होंने पोर्टल पर पंजीकरण, परिवार के सदस्यों का विवरण दर्ज करने, प्रश्नावली भरने और स्व-गणना आईडी प्राप्त करने की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। साथ ही पोर्टल पर उपलब्ध उपयोगकर्ता मार्गदर्शिका, ट्यूटोरियल वीडियो, फ्लोचार्ट, वर्चुअल असिस्टेंट और अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्नों की जानकारी भी दी।
मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र सिंह रावत ने अधिकारियों और कर्मचारियों से प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने तथा आमजन को स्व-गणना के प्रति जागरूक करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनगणना के सफल संचालन में सभी विभागों की सहभागिता महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, जिला कार्यक्रम अधिकारी अखिलेश मिश्रा, जिला पर्यटन अधिकारी राहुल चौबे, मुख्य कृषि अधिकारी लोकेंद्र बिष्ट, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारुल गोयल, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. आशीष रावत, जिला पूर्ति अधिकारी केएस कोहली, जिला समाज कल्याण अधिकारी टीएस मलेठा, जिला सेवायोजन अधिकारी सुशील चमोली, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी संदीप भट्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी
मौजूद रहे।

