कोटेश्वर मंदिर में हुआ भव्य स्वागत, गौवंश संरक्षण को लेकर जनजागरूकता अभियान चलाने पर दिया जोर,
रुद्रप्रयाग। 21 दिवसीय श्री शंकराचार्य संदेश यात्रा के रुद्रप्रयाग पहुंचने पर श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों ने जोरदार स्वागत किया। इस दौरान यात्रा उमरानारायण से होकर प्रसिद्ध कोटेश्वर महादेव मंदिर पहुंची, जहां कुछ देर विश्राम और पूजा-अर्चना के बाद यात्रा ने केदारघाटी के लिए प्रस्थान किया।
शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज के शिष्य मुकुंदानंद गिरि यात्रा का नेतृत्व कर रहे हैं। इस अवसर पर मुकुंदानंद गिरि ने कहा कि श्री शंकराचार्य संदेश यात्रा का मुख्य उद्देश्य सनातन धर्म की मूल भावना, भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और गौमाता के संरक्षण एवं संवर्धन के संदेश को समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाना है। सनातन धर्म केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमें प्रकृति, जीव-जंतुओं, मानवता और समस्त प्राणियों के प्रति करुणा, सेवा और संवेदना का भाव रखना सिखाता है। गौमाता भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का अभिन्न अंग हैं। इसलिए गौवंश का संरक्षण करना केवल धार्मिक दायित्व ही नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक जिम्मेदारी भी है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में गौवंश की उपेक्षा और निराश्रित गोवंश की बढ़ती समस्या समाज के सामने एक गंभीर चुनौती है। इसके समाधान के लिए केवल सरकार के प्रयास पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। जब तक आम जनमानस गौसेवा और गौसंरक्षण के प्रति जागरूक नहीं होगा, तब तक इस दिशा में अपेक्षित बदलाव संभव नहीं है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि गौमाता को सड़कों पर निराश्रित छोड़ने के बजाय उनके संरक्षण, भरण-पोषण और सुरक्षित आश्रय की व्यवस्था में सहयोग करें।
मुकुंदानंद गिरि ने कहा कि यात्रा के माध्यम से गांव-गांव और नगर-नगर पहुंचकर लोगों को सनातन संस्कृति की महानता, धार्मिक मूल्यों और सामाजिक समरसता का संदेश दिया जा रहा है। युवाओं को अपनी संस्कृति, परंपराओं और आध्यात्मिक विरासत से जोड़ना भी यात्रा का महत्वपूर्ण उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि समाज में धार्मिक चेतना के साथ-साथ सेवा, संस्कार और परोपकार की भावना मजबूत होनी चाहिए। गौसंरक्षण को किसी एक व्यक्ति, संस्था या संगठन का विषय न मानकर सामूहिक जिम्मेदारी के रूप में स्वीकार करना होगा।
उन्होंने कहा कि शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज के मार्ग दर्शन में निकली यह संदेश यात्रा समाज में आध्यात्मिक जागृति और गौसंरक्षण के प्रति जनचेतना का माध्यम बन रही है। यात्रा का उद्देश्य किसी वर्ग विशेष तक संदेश पहुंचाना नहीं, बल्कि समूचे समाज को भारतीय संस्कृति, सनातन मूल्यों और गौसेवा के सूत्र में जोड़ना है। हमारा प्रयास है कि गौमाता के संरक्षण का संकल्प प्रत्येक परिवार तक पहुंचे और गौसेवा समाज की सामूहिक संस्कृति बने।
इस अवसर पर गौ रक्षा विभाग के अध्यक्ष रोहित डिमरी ने कहा कि वर्तमान समय में गौवंश संरक्षण को लेकर केवल बातें करने के बजाय धरातल पर ठोस कार्य करने की आवश्यकता है। इसके लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि कुछ असामाजिक तत्व अपने स्वार्थ के लिए गौवंश का उपयोग करने के बाद उन्हें सड़कों पर बेसहारा छोड़ देते हैं। इससे गौवंश के सामने चारे, पानी और सुरक्षित आश्रय का संकट खड़ा हो जाता है। साथ ही सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। उन्होंने कहा कि गौमाता की सेवा और संरक्षण समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए आमजन, सामाजिक संगठनों और सरकार को मिलकर प्रभावी प्रयास करने होंगे।
उन्होंने शंकराचार्य संदेश यात्रा को गौ संरक्षण और सनातन संस्कृति के प्रति जनचेतना जगाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक अभियान समाज को अपनी सांस्कृतिक जड़ों और नैतिक जिम्मेदारियों से जोड़ने का कार्य करते हैं।
इस मौके पर कोटेश्वर मंदिर के महंत शिवानंद गिरि महाराज, गौ रक्षा विभाग के अध्यक्ष रोहित डिमरी, यात्रा सह संयोजक अर्जुन कंडारी, मनीष किमोठी, ज्योति किमोठी, दीपक नौटियाल, बिपिन पंवार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

