बजीरा और दिगधार स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में आयोजित हुईं बैठकें, किशोर-किशोरियों को स्वस्थ जीवनशैली और सकारात्मक व्यवहार अपनाने के लिए किया प्रेरित,
रुद्रप्रयाग। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत सोमवार को जखोली विकासखंड के बजीरा और दिगधार स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में पियर एजुकेटर की बैठकें आयोजित की गईं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारुल गोयल के निर्देशन में आयोजित बैठकों में किशोर-किशोरियों के स्वास्थ्य एवं कल्याण को बढ़ावा देने में पियर एजुकेटर की भूमिका, जिम्मेदारियों और सामुदायिक स्तर पर उनके योगदान को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
आयुष्मान आरोग्य मंदिर बजीरा में आयोजित बैठक में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी भावना एवं एएनएम रोशनी ने बताया कि पियर एजुकेटर प्रशिक्षित किशोर-किशोरियां होते हैं, जो अपने आयु वर्ग के अन्य साथियों को स्वास्थ्य, स्वच्छता, पोषण और किशोरावस्था से जुड़े विभिन्न विषयों पर सही एवं उपयोगी जानकारी उपलब्ध कराते हैं। उन्होंने कहा कि पियर एजुकेटर किशोर-किशोरियों और स्वास्थ्य सेवाओं के बीच महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य करते हैं। वे अपने साथियों से सहज संवाद स्थापित कर उनकी स्वास्थ्य संबंधी जिज्ञासाओं और समस्याओं को समझने, भ्रांतियों को दूर करने तथा उचित मार्गदर्शन देने में अहम भूमिका निभाते हैं।
वहीं, आयुष्मान आरोग्य मंदिर दिगधार में आयोजित बैठक में एएनएम छाया ने किशोरावस्था के दौरान होने वाले शारीरिक एवं मानसिक बदलाव, संतुलित पोषण, व्यक्तिगत स्वच्छता, एनीमिया की रोकथाम, मानसिक स्वास्थ्य, नशे से बचाव, यौन एवं प्रजनन स्वास्थ्य तथा स्वस्थ जीवनशैली जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी। उन्होंने पियर एजुकेटर को अपने साथियों के बीच स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने, सकारात्मक व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करने और आवश्यकता पड़ने पर उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
बैठक में कहा गया कि किशोरावस्था जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है।
इस दौरान सही जानकारी, उचित मार्गदर्शन और सहयोग मिलने से किशोर-किशोरियां अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक एवं जिम्मेदार बन सकते हैं। पियर एजुकेटर की सक्रिय भागीदारी से स्वास्थ्य संबंधी भ्रांतियों को दूर करने के साथ ही किशोरों में आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर आशा फैसिलिटेटर रंजना रावत, आशा कार्यकत्री पूजा देवी, उर्मिला देवी, श्यामदेई, ऊषा काला सहित अन्य मौजूद रहीं।

