शानेश्वर रामलीला समिति सिल्ला की रामलीला के पांचवें दिन राज्य मंत्री चण्डी प्रसाद भट्ट ने की मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत,
ऊखीमठ (रुद्रप्रयाग)। शानेश्वर रामलीला समिति सिल्ला के तत्वावधान में आयोजित रामलीला के पांचवें दिन सीता हरण लीला का भावपूर्ण मंचन किया गया। कलाकारों ने अपने सजीव अभिनय, प्रभावशाली संवाद अदायगी और उत्कृष्ट मंचीय प्रस्तुति से दर्शकों को भावविभोर कर दिया। विशेष रूप से स्वर्ण मृग प्रसंग, रावण का साधु वेश धारण कर माता सीता के समक्ष पहुंचना और छलपूर्वक उनका हरण करने के दृश्यों ने दर्शकों को भावुक कर दिया।
रामलीला के पांचवें दिन राज्य मंत्री चण्डी प्रसाद भट्ट ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग कर कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि रामलीला भारतीय संस्कृति, धार्मिक आस्था और समृद्ध लोक परंपराओं की अमूल्य धरोहर है। भगवान श्रीराम का जीवन आदर्श, मर्यादा, त्याग, सत्य और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश देता है। रामलीला के माध्यम से नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, संस्कारों और पौराणिक परंपराओं से जुड़ने की प्रेरणा मिलती है।
जिला पंचायत सदस्य त्रियुगीनारायण अमित मैखण्डी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में रामलीला जैसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों से सामाजिक एकता और सांस्कृतिक चेतना को मजबूती मिलती है। साथ ही स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है। उन्होंने आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए लोक संस्कृति और धार्मिक परंपराओं के संरक्षण के लिए सामूहिक सहभागिता को आवश्यक बताया।
पांचवें दिन की लीला में स्वर्ण मृग के आकर्षण में माता सीता की इच्छा पर भगवान श्रीराम का उसके पीछे जाना, लक्ष्मण का माता सीता की रक्षा के लिए कुटिया में रुकना और रावण का साधु वेश में पहुंचकर छलपूर्वक माता सीता का हरण करना जैसे प्रसंगों का सजीव चित्रण किया गया। वहीं, माता सीता की रक्षा के लिए जटायु और रावण के बीच हुए संघर्ष के दृश्य ने दर्शकों को भावुक कर दिया। कलाकारों के प्रभावशाली अभिनय और संवादों पर दर्शकों ने तालियों के साथ उत्साहवर्धन किया।
रामलीला स्थल पर क्षेत्र के ग्रामीणों, महिलाओं, युवाओं और बच्चों की भारी भीड़ उमड़ी। दर्शकों ने देर रात तक मंचन का आनंद लिया। समिति की ओर से आयोजन को भव्य स्वरूप देने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। प्रतिदिन रामलीला देखने के लिए क्षेत्रीय जनता में खासा उत्साह बना हुआ है।
समिति अध्यक्ष महावीर सिंह रावत ने कहा कि क्षेत्रीय ग्रामीणों के सहयोग और सामूहिक सहभागिता से रामलीला मंचन को भव्य स्वरूप दिया जा रहा है। समिति का उद्देश्य धार्मिक आस्था को बढ़ावा देने के साथ ही क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक लोकमंच की पहचान को जीवंत बनाए रखना है।
रामलीला का मंचन पुरुषोत्तम नौटियाल एवं मेधनीधर पुरोहित के निर्देशन में किया जा रहा है। संगीत में शंकर सिंह नेगी, आयुष भट्ट, सुदर्शन पुरोहित एवं बीर सिंह नेगी सहयोग दे रहे हैं, जबकि मंच संचालन अंकित पुरोहित ने किया।
इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य बीर सिंह बुडेरा, भाजपा अगस्त्यमुनि मंडल अध्यक्ष मनोज राणा, क्षेत्र पंचायत सदस्य गायत्री देवी, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य सावन नेगी, मंदिर समिति अध्यक्ष राजेन्द्र प्रसाद पुरोहित, पूर्व प्रधान असूसोया प्रसाद पुरोहित, सुरेन्द्र सिंह नेगी, बाबी नेगी, राकेश नौटियाल सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय दर्शक मौजूद रहे।

