शिक्षा, साहित्य और प्रकाशन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए मिला पंडित महेशानंद नौटियाल सम्मान-2026
देहरादून। चमोली जनपद में शनिवार से शुरू हुए ऐतिहासिक 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले के उद्घाटन समारोह में विनसर पब्लिकेशन के संस्थापक कीर्ति नवानी को प्रतिष्ठित 'पंडित महेशानंद नौटियाल शिक्षा एवं साहित्य प्रसार सम्मान-2026' से सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया।
कीर्ति नवानी को उत्तराखंड में शिक्षा, साहित्य और प्रकाशन के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय एवं निरंतर योगदान के लिए इस सम्मान के लिए चुना गया। उनके प्रयासों ने प्रदेश में साहित्यिक गतिविधियों और पुस्तकों के प्रकाशन को नई पहचान देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
समारोह में चमोली के वरिष्ठ पत्रकार ललित प्रसाद लखेड़ा को भी पत्रकारिता एवं साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए 'गोविन्द प्रसाद नौटियाल स्मृति सम्मान-2026' से सम्मानित किया गया।
गौरतलब है कि गौचर मेले की शुरुआत करीब 73 वर्ष पूर्व प्रख्यात पत्रकार गोविन्द प्रसाद नौटियाल ने स्थानीय लोगों के सहयोग से की थी। समय के साथ यह मेला औद्योगिक, सांस्कृतिक और व्यापारिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनकर प्रदेश के प्रतिष्ठित आयोजनों में शामिल हो गया है।
20 नवंबर तक आयोजित होने वाले इस ऐतिहासिक मेले में साहित्य और पत्रकारिता से जुड़ी विभूतियों को सम्मानित करने की परंपरा के तहत दोनों प्रतिभाओं को सम्मान प्रदान किया गया।

