रुद्रप्रयाग। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बुधवार को संगम बाजार स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर वहां संचालित गतिविधियों और बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने नौनिहालों से सहज संवाद करते हुए उनकी पढ़ाई, दैनिक गतिविधियों और रुचियों के बारे में जानकारी ली तथा उनका उत्साहवर्धन किया।
जिलाधिकारी ने बाल विकास परियोजना अधिकारी शैली प्रजापति से केंद्र में बच्चों के लिए संचालित विभिन्न गतिविधियों एवं योजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्र में तीन से छह वर्ष की आयु के बच्चों को प्रतिदिन पौष्टिक आहार उपलब्ध कराया जाता है। इसके साथ ही खेल-खेल में बच्चों को गिनती, अक्षर ज्ञान और कविताएं सिखाई जाती हैं, ताकि उनकी सीखने की प्रक्रिया को सहज, रोचक और प्रभावी बनाया जा सके।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बच्चों से उनके नाम पूछे और उनकी पसंद-नापसंद तथा रुचियों के बारे में बातचीत की। उन्होंने बच्चों की गतिविधियों में रुचि लेते हुए उन्हें मन लगाकर पढ़ने और सीखने के लिए प्रेरित किया। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रारंभिक बाल्यावस्था में बच्चों के समुचित पोषण, देखभाल और सीखने के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना अत्यंत महत्वपूर्ण है।
इस दौरान जिलाधिकारी ने नौनिहालों को टॉफियां भी वितरित कीं। टॉफियां पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे और वे काफी उत्साहित नजर आए।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय सुपरवाइजर नर्मदा काला, आंगनबाड़ी कार्यकत्री गायत्री तथा सहायिका दीपा मौजूद रहीं।