रुद्रप्रयाग। नगर पालिका क्षेत्र रुद्रप्रयाग के वार्ड संख्या-06 स्थित ओण गांव को सड़क मार्ग से जोड़ने की मांग को लेकर ग्रामीणों के एक शिष्टमंडल ने कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक भरत सिंह चौधरी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने सुकून होटल के समीप से ओण गांव तक सड़क निर्माण कराने तथा इसके लिए संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश देने की मांग की।
ग्रामीणों ने बताया कि रुद्रप्रयाग नगर से सटा होने के बावजूद ओण गांव आज भी सड़क सुविधा से वंचित है। सड़क न होने के कारण भवन निर्माण सामग्री सहित अन्य आवश्यक सामान ग्रामीणों को पैदल मार्ग से घरों तक पहुंचाना पड़ता है, जिससे उन्हें अतिरिक्त ढुलाई खर्च वहन करना पड़ रहा है। वहीं, स्कूली बच्चों को भी प्रतिदिन आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों ने कहा कि क्षेत्र में जंगली जानवरों की आवाजाही के कारण बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी रहती है। गांव में वर्तमान में एक दर्जन से अधिक परिवार निवास करते हैं। किसी ग्रामीण के बीमार पड़ने अथवा आपात स्थिति में मरीज, बुजुर्ग या महिलाओं को डंडी-कंडी के सहारे करीब एक किलोमीटर पैदल मार्ग तय कर मुख्य सड़क तक पहुंचाना पड़ता है। इससे आपातकालीन स्थिति में समय पर उपचार उपलब्ध कराने में भी दिक्कत होती है।
ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से सुकून होटल के समीप से ओण गांव को सड़क मार्ग से जोड़ने की मांग की जा रही है। सड़क निर्माण के लिए स्थानीय ग्रामीण अपनी भूमि उपलब्ध कराने को भी तैयार हैं। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन की ओर से पहल किए जाने पर भूमि संबंधी आवश्यक सहयोग स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराया जाएगा।
ग्रामीणों ने ज्ञापन के माध्यम से कहा कि सड़क सुविधा मिलने से गांव के लोगों का आवागमन सुगम होने के साथ ही बच्चों की शिक्षा, मरीजों को स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच, आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति और गांव के समग्र विकास को गति मिलेगी। उन्होंने कैबिनेट मंत्री से जनहित एवं क्षेत्रीय आवश्यकता को देखते हुए सड़क निर्माण की स्वीकृति दिलाने और संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने का अनुरोध किया।
इस दौरान ग्रामीण संदीप कपरवान, जसवीर कपरवान, नरेश, सुभाष, पंकज, रोमा देवी, भारती देवी, पिंकी देवी सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।