रुद्रप्रयाग। अगस्त्यमुनि ब्लॉक के दूरस्थ क्षेत्र स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय कोटतल्ला ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। भारत सरकार की ओर से संचालित स्वच्छ एवं हरित विद्यालय रेटिंग के अंतर्गत विद्यालय का केंद्रीय टीम द्वारा भौतिक सत्यापन किया गया।
विद्यालय के सहायक अध्यापक सुखदीप सिंह चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि भारत सरकार द्वारा देशभर के विद्यालयों से स्वच्छ एवं हरित विद्यालय रेटिंग को लेकर आवेदन आमंत्रित किए गए थे। निर्धारित 60 मानकों के आधार पर विद्यालय ने नियमानुसार अपना आवेदन प्रस्तुत किया था। प्रारंभिक चरण में जिला स्तर पर सत्यापन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद विद्यालय की अनुशंसा राज्य स्तर के लिए की गई। राज्य स्तर पर राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद उत्तराखण्ड की टीम के पर्यवेक्षक सुनील भट्ट द्वारा विद्यालय का निरीक्षण कर स्वच्छता एवं शैक्षणिक गतिविधियों का भौतिक सत्यापन किया गया। राज्य स्तर पर सफल मूल्यांकन के पश्चात विद्यालय को राष्ट्रीय स्तर के लिए अनुशंसित किया गया।
इसी क्रम में केंद्रीय टीम के सदस्य हेमराज सिंह विद्यालय पहुंचे और व्यवस्थाओं का विस्तृत अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान पेयजल व्यवस्था, स्वच्छता की स्थिति, शौचालयों की उपलब्धता, पोषण वाटिका की देखरेख, इको क्लब की गतिविधियों सहित विभिन्न बिंदुओं की गहन समीक्षा की गई। इस अवसर पर उन्होंने बाल संसद एवं इको क्लब के सदस्यों से संवाद स्थापित करते हुए शिक्षकों के साथ भी विस्तार से चर्चा की। निरीक्षण के दौरान प्रधानाध्यापक सतेंद्र भंडारी, शिक्षक सुखदीप सिंह चौहान तथा भोजन माता उषा देवी सहित विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार को आशा है कि स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के क्षेत्र में किए गए प्रयासों के आधार पर विद्यालय राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करेगा।