रूद्रप्रयाग। केदारनाथ यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुचारु बनाए रखने के लिए रुद्रप्रयाग पुलिस और यातायात पुलिस पूरी मुस्तैदी के साथ अभियान चला रही है। इसी क्रम में यात्रा मार्ग पर वीआईपी कल्चर और वाहनों पर अवैध रूप से लगाए जा रहे बोर्ड, हूटर और प्रेशर हॉर्न के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है।
यात्रा मार्ग पर नियमित चेकिंग अभियान के दौरान यातायात पुलिस ने एक ऐसे वाहन को पकड़ा, जिस पर अवैध रूप से “मानवाधिकार” का बोर्ड और हूटर लगाया गया था। संबंधित व्यक्ति इन अनाधिकृत प्रतीकों का इस्तेमाल कर यात्रा मार्ग पर धौंस जमाते हुए घूम रहा था।
चेकिंग के दौरान तैनात यातायात निरीक्षक कैलाश चन्द्र शर्मा ने तत्काल सख्त रुख अपनाते हुए वाहन से अवैध बोर्ड और हूटर को मौके पर ही उतरवाकर जब्त कर लिया। साथ ही चालक के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई भी की गई।
यातायात निरीक्षक कैलाश चन्द्र शर्मा ने स्पष्ट कहा कि केदारनाथ यात्रा के दौरान किसी भी वाहन पर अवैध रूप से पद, विभाग, संगठन अथवा मानवाधिकार जैसे बोर्ड लगाना पूरी तरह प्रतिबंधित है। इसके अलावा हूटर और प्रेशर हॉर्न का प्रयोग भी नियमों के विरुद्ध है। यदि भविष्य में कोई भी व्यक्ति इस प्रकार नियमों का उल्लंघन करता पाया गया, तो उसके खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
रुद्रप्रयाग पुलिस ने सभी तीर्थयात्रियों और वाहन चालकों से अपील की है कि यात्रा के दौरान यातायात नियमों का पालन करें, अनाधिकृत बोर्ड एवं हूटर का प्रयोग न करें और केदारनाथ यात्रा को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।