Apr 08, 2026
govt-ads

पीएम इंटर्नशिप योजना को लेकर छात्रों को किया जागरूक, महाविद्यालय रुद्रप्रयाग में जागरूकता कार्यशाला का आयोजन

post-img

रुद्रप्रयाग। राजकीय महाविद्यालय रुद्रप्रयाग में भारत सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के तहत एक जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह योजना वर्ष 2024 में कॉर्पोरेट मामलों के मंत्रालय द्वारा प्रारंभ की गई है, जिसका उद्देश्य आगामी पांच वर्षों में देश की शीर्ष 500 कंपनियों में युवाओं को एक करोड़ सशुल्क इंटर्नशिप के अवसर उपलब्ध कराना है।

कार्यशाला का आयोजन पर्यटन विभाग के सहयोग से किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को योजना से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां विस्तारपूर्वक दी गईं। कार्यशाला संयोजक डॉ. विक्रम भारती ने योजना के उद्देश्य, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं इससे मिलने वाले लाभों पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस अवसर पर एनएसएस नोडल अधिकारी श्रीकांत नौटियाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए योजना के व्यावहारिक लाभों और करियर निर्माण में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका को समझाया तथा अधिक से अधिक छात्रों से इसका लाभ उठाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में प्रभारी प्राचार्य डॉ. अनीता बिष्ट, डॉ. मकान प्रकाश, डॉ. गोपी प्रसाद, सुश्री अंविता सिंह, डॉ. विशाल दत्ता, डॉ. सुरेंद्र सिंह, डॉ. रजनी रौठान सहित महाविद्यालय के अन्य प्राध्यापकगण उपस्थित रहे। वहीं आदर्श, दीपक, अजय, मनीष समेत बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग कर कार्यक्रम को सफल बनाया।