Apr 21, 2026

केदारनाथ धाम में ड्रोन उड़ाने पर सख्त एक्शन, पुलिस ने 2 ड्रोन किए जब्त, उल्लंघन पर होगी कड़ी कार्रवाई

post-img

रुद्रप्रयाग। विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जनपद पुलिस पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद नजर आ रही है। धाम क्षेत्र की अत्यधिक संवेदनशीलता को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां लगातार निगरानी बनाए हुए हैं। इसी क्रम में नियमों का उल्लंघन कर बिना अनुमति ड्रोन उड़ाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए दो ड्रोन मौके पर ही जब्त कर लिए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, केदारनाथ धाम में तैनात पुलिस टीम द्वारा नियमित चेकिंग और निगरानी अभियान के दौरान कुछ व्यक्तियों को बिना किसी प्रशासनिक अनुमति के ड्रोन संचालित करते हुए पाया गया। जैसे ही यह मामला संज्ञान में आया, पुलिस टीम ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए कार्रवाई की और नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों से दो ड्रोन जब्त कर लिए।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि केदारनाथ धाम एक अत्यधिक संवेदनशील धार्मिक एवं सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण क्षेत्र है। यहां सुरक्षा कारणों के चलते ड्रोन संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध लागू है। बिना जिला प्रशासन की पूर्व अनुमति के किसी भी प्रकार का ड्रोन कैमरा उड़ाना पूरी तरह अवैध है और इसे गंभीर उल्लंघन माना जाएगा। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि इस प्रकार की गतिविधियां न केवल सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावित करती हैं, बल्कि श्रद्धालुओं की आस्था और धाम की गरिमा को भी ठेस पहुंचा सकती हैं। इसलिए ऐसे मामलों में जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जा रही है।

रुद्रप्रयाग पुलिस ने सभी तीर्थयात्रियों से अपील करते हुए कहा कि धाम की मर्यादा और सुरक्षा नियमों का पूर्णतः पालन करें। बिना लिखित अनुमति के ड्रोन या किसी भी प्रकार के उड़ने वाले कैमरा उपकरण का प्रयोग न करें। फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी के लिए जारी दिशा-निर्देशों का पालन अनिवार्य रूप से करें। पुलिस ने चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि कोई व्यक्ति नियमों का उल्लंघन करता पाया जाता है तो संबंधित उपकरण को जब्त करने के साथ-साथ उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। चारधाम यात्रा के दौरान सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रशासन द्वारा लगातार सख्ती बरती जा रही है, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से दर्शन कर सकें।