Apr 21, 2026

भव्यता के बीच केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की तैयारियां पूर्ण, पंचमुखी डोली धाम पहुंची

post-img

रुद्रप्रयाग। विश्व प्रसिद्ध द्वादश ज्योतिर्लिंगों में से एक केदारनाथ धाम के कपाट खुलने से पूर्व परंपरानुसार भगवान केदारनाथ की पंचमुखी चल विग्रह डोली गौरीकुंड से रवाना होकर आज भव्य स्वागत के बीच केदारनाथ धाम पहुंच गई। डोली के साथ बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी स्वयं पैदल यात्रा कर धाम पहुंचे, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।

डोली प्रस्थान से पूर्व हेमंत द्विवेदी ने गौरीकुंड स्थित गौरी माता मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर यात्रा की सफलता की कामना की। उनके साथ बीकेटीसी उपाध्यक्ष विजय कप्रवाण भी मौजूद रहे। डोली यात्रा सोमवार को प्रथम पड़ाव फाटा से सेना के बैंड-बाजों की मंगलध्वनि के साथ गौरीकुंड पहुंची थी, जहां से आज इसे केदारनाथ धाम के लिए रवाना किया गया।

केदारनाथ धाम में कपाट उद्घाटन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। कपाट कल सुबह प्रातः 8 बजे श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोले जाएंगे। इस ऐतिहासिक अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। धाम पहुंचने के बाद बीकेटीसी अध्यक्ष ने यात्रा व्यवस्थाओं का विस्तृत निरीक्षण किया और अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने यात्रा मार्ग पर स्थित विश्राम गृहों, ऑनलाइन पूजा बुकिंग प्रणाली और दर्शन व्यवस्था की समीक्षा करते हुए श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।

इससे पूर्व उन्होंने यात्रा मार्ग पर विभिन्न पड़ावों का निरीक्षण किया तथा धारी देवी मंदिर में भी दर्शन किए। यात्रा के दौरान उन्होंने तीर्थयात्रियों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान के निर्देश दिए। उल्लेखनीय है कि यमुनोत्री धाम और गंगोत्री धाम के कपाट 19 अप्रैल को खुल चुके हैं, जिससे चारधाम यात्रा ने गति पकड़ ली है। केदारनाथ धाम के बाद बीकेटीसी अध्यक्ष 23 अप्रैल को प्रातः 6ः15 बजे खुलने वाले बदरीनाथ धाम के कपाट समारोह में भी शामिल होने के लिए प्रस्थान करेंगे। चारधाम यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु उत्तराखंड पहुंच चुके हैं और लगातार धामों की ओर अग्रसर हैं। इस अवसर पर केदार सभा अध्यक्ष राजकुमार तिवारी, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी राजन नैथानी, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी डीएस भुजवाण, पुजारी टी. गंगाधर लिंग, डोली प्रभारी किशन त्रिवेदी सहित अनेक अधिकारी, हक-हकूकधारी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। आस्था, परंपरा और भव्यता के संग केदारनाथ धाम एक बार फिर भक्तों के स्वागत को तैयार है।