सोनप्रयाग पुलिस ने श्रद्धालु का खोया पर्स लौटाया, पर्स में जरूरी दस्तावेजों के साथ थी 6,700 रुपये की नकदी,

Blog
 Image

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम यात्रा पर आए झारखंड निवासी श्रद्धालु का गौरीकुंड से सोनप्रयाग के बीच खोया पर्स सोनप्रयाग पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बरामद कर सकुशल उसके सुपुर्द कर दिया। पर्स में जरूरी दस्तावेजों के साथ 6,700 रुपये की नकदी रखी हुई थी।

 

जानकारी के अनुसार जमशेदपुर, झारखंड निवासी तनमय यादव पुत्र शंकर लाल यादव अपने साथियों के साथ बाबा केदारनाथ के दर्शन के लिए आए थे। यात्रा के दौरान गौरीकुंड से सोनप्रयाग के बीच उनका पर्स कहीं गिर गया। पर्स खोने की जानकारी मिलने पर उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी।

 

सोनप्रयाग पुलिस ने तत्काल खोजबीन शुरू की। पुलिस टीम ने प्रयास करते हुए खोया हुआ पर्स बरामद कर लिया। जांच के दौरान पर्स में रखे जरूरी दस्तावेज और 6,700 रुपये की नकदी सुरक्षित मिली। इसके बाद पुलिस ने पर्स यात्री तनमय यादव को सौंप दिया।

 

खोया सामान वापस मिलने पर श्रद्धालु और उनके साथियों ने उत्तराखंड पुलिस की तत्परता, ईमानदारी और संवेदनशील कार्यशैली की सराहना करते हुए पुलिस का आभार जताया। पुलिस ने कहा कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सहायता और सुरक्षा के लिए पुलिस लगातार मुस्तैद है।