Aug 18, 2026

सेवा, सुशासन एवं समर्पण अभियान संपन्न, 6519 लोगों की हुई स्वास्थ्य जांच

post-img

15 तीन दिवसीय विशेषज्ञ चिकित्सा शिविरों में मरीजों को मिली जांच, उपचार और परामर्श की सुविधा; 3337 लोगों की हुई स्वास्थ्य, काउंसलिंग

रुद्रप्रयाग। सेवा, सुशासन एवं समर्पण अभियान के तहत जनपद में आयोजित स्वास्थ्य सेवाओं का व्यापक अभियान संपन्न हो गया। 4 जुलाई से शुरू हुए अभियान के अंतर्गत जिले में विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों में 6519 लोगों के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें आवश्यक दवाएं वितरित की गईं, जबकि 3337 लोगों की विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी मामलों में काउंसलिंग की गई।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारुल गोयल ने बताया कि अभियान के तहत सर्वाधिक पांच तीन दिवसीय विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जखोली में लगाए गए। इसके अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अगस्त्यमुनि और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ऊखीमठ में चार-चार तथा जिला चिकित्सालय में दो शिविर आयोजित किए गए।

उन्होंने बताया कि शिविरों में 2767 पुरुष और 3752 महिलाओं की स्वास्थ्य जांच की गई। जांच के दौरान 1517 लोग हाइपरटेंशन से प्रभावित पाए गए, जिनमें 690 पुरुष और 827 महिलाएं शामिल हैं। वहीं 743 लोगों में मधुमेह की पुष्टि हुई, जिनमें 340 पुरुष और 403 महिलाएं शामिल हैं। सभी को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह देने के साथ आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई गईं।

अभियान के दौरान 30 महिलाओं की सर्वाइकल कैंसर, 33 की ब्रेस्ट कैंसर और 75 लोगों की ओरल कैंसर स्क्रीनिंग की गई। इसके साथ ही 434 लोगों की टीबी स्क्रीनिंग तथा 488 गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच की गई। 298 महिलाओं को माहवारी स्वच्छता एवं पोषण देखभाल के संबंध में परामर्श दिया गया।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार शिविरों में 1345 लोगों के एक्स-रे और 2582 लोगों की लैब जांच की गई। वहीं 21 लोगों ने रक्तदान किया और 13 महिलाओं को मातृ-शिशु कार्ड वितरित किए गए। पांच लोगों का निक्षय मित्र के रूप में पंजीकरण किया गया।

डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के तहत 787 लोगों की आभा आईडी बनाई गई, जबकि 298 लोगों को आयुष्मान कार्ड जारी किए गए। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि अभियान का उद्देश्य ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों तक विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना और लोगों को समय पर जांच, उपचार तथा स्वास्थ्य संबंधी परामर्श उपलब्ध कराना रहा।