May 20, 2026

मुनकटिया में भूस्खलन के बीच एसडीआरएफ का साहसिक रेस्क्यू ऑपरेशन,

post-img

पूरी रात चला राहत अभियान, 10 हजार से अधिक श्रद्धालुओं को सुरक्षित कराया मार्ग पार,

रूद्रप्रयाग। केदारनाथ यात्रा मार्ग पर मुनकटिया क्षेत्र में बीती 19 मई की रात लगातार हो रही भारी वर्षा के चलते अचानक हुए भूस्खलन ने यात्रा मार्ग को पूरी तरह अवरुद्ध कर दिया। देखते ही देखते लगभग 10 हजार 500 श्रद्धालु रास्ते में फंस गए। अंधेरी रात, कड़ाके की ठंड, लगातार बारिश और दुर्गम पहाड़ी परिस्थितियों के बीच हालात बेहद चुनौतीपूर्ण हो गए थे।

स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए एसडीआरएफ टीम ने तुरंत मोर्चा संभाला। चारधाम यात्रा को लेकर पहले से ही हाई अलर्ट पर चल रही एसडीआरएफ टीमों को सेनानायक अर्पण यदुवंशी द्वारा किसी भी आपदा से निपटने के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिए गए थे। इसी तत्परता का परिणाम रहा कि सूचना मिलते ही एसआई आशीष डिमरी के नेतृत्व में एसडीआरएफ पोस्ट सोनप्रयाग की टीम बिना समय गंवाए घटनास्थल पर पहुंच गई और युद्धस्तर पर राहत एवं सुरक्षा अभियान शुरू कर दिया।

लगातार गिरते पत्थरों, फिसलन भरे रास्तों और जानलेवा जोखिमों के बीच एसडीआरएफ जवान पूरी रात डटे रहे। टीम ने न केवल श्रद्धालुओं को हिम्मत बंधाई बल्कि बेहद संयम और कुशल रणनीति के साथ उन्हें क्रमबद्ध तरीके से सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया। कठिन हालातों में एसडीआरएफ के जवान श्रद्धालुओं के लिए किसी देवदूत से कम साबित नहीं हुए।

एसडीआरएफ के अथक प्रयासों और त्वरित कार्रवाई के चलते हजारों श्रद्धालुओं की यात्रा दोबारा सुचारु रूप से आगे बढ़ सकी। मौके पर मौजूद यात्रियों ने एसडीआरएफ टीम की बहादुरी, सेवा-भाव और समर्पण की जमकर सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।

चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सहायता के लिए एसडीआरएफ उत्तराखण्ड पुलिस पूरी प्रतिबद्धता और मुस्तैदी के साथ लगातार सेवाएं दे रही है।