Apr 24, 2026

केदारनाथ यात्रा मार्ग पर SDRF का “हेल्थ शील्ड” ऑपरेशन, हर श्रद्धालु पर नजर — 24x7 हाई अलर्ट!!

post-img

रुद्रप्रयाग। पवित्र केदारनाथ धाम यात्रा को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए एसडीआरएफ ने बड़ा कदम उठाते हुए यात्रा मार्ग पर व्यापक स्वास्थ्य जांच एवं जागरूकता अभियान तेज कर दिया है। सेनानायक अर्पण यदुवंशी के दिशा-निर्देशों में लिनचोली क्षेत्र में संचालित इस विशेष अभियान के तहत श्रद्धालुओं की सेहत पर लगातार नजर रखी जा रही है।

अभियान के अंतर्गत एसडीआरएफ के प्रशिक्षित पैरामेडिक्स द्वारा यात्रा मार्ग से गुजर रहे श्रद्धालुओं का निःशुल्क प्राथमिक स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है। इसमें ब्लड प्रेशर (बीपी), शुगर स्तर और ऑक्सीजन जैसे अहम परीक्षण शामिल हैं, ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते पहचान कर तत्काल सहायता दी जा सके। इसके साथ ही उच्च हिमालयी क्षेत्रों में आम तौर पर होने वाली समस्याओं—जैसे ऑक्सीजन की कमी, अत्यधिक थकान, चक्कर आना और रक्तचाप में उतार-चढ़ावको लेकर मौके पर ही जागरूक किया जा रहा है।

श्रद्धालुओं को यह भी स्पष्ट रूप से बताया जा रहा है कि यात्रा के दौरान यदि किसी प्रकार की अस्वस्थता या आपात स्थिति महसूस हो, तो वे तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या चिकित्सा राहत पोस्ट से संपर्क करें। एसडीआरएफ द्वारा आपातकालीन सहायता सेवाओं की पूरी जानकारी भी साझा की जा रही है, जिससे जरूरत पड़ने पर बिना देरी के मदद मिल सके।

दरअसल, केदारनाथ यात्रा मार्ग अत्यंत दुर्गम और चुनौतीपूर्ण है, जहां कम ऑक्सीजन स्तर, कड़ाके की ठंड, अनिश्चित मौसम, संकरे व फिसलनयुक्त रास्ते और लंबी पैदल दूरी यात्रियों के लिए गंभीर जोखिम पैदा करते हैं। खासतौर पर बुजुर्गों, बच्चों और अस्वस्थ श्रद्धालुओं के लिए यह खतरा और बढ़ जाता है, ऐसे में निरंतर निगरानी और त्वरित चिकित्सा सहायता बेहद जरूरी हो जाती है।

इन्हीं चुनौतियों को देखते हुए एसडीआरएफ की टीमें पूरे यात्रा मार्ग पर 24x7 हाई अलर्ट मोड में तैनात हैं और किसी भी आकस्मिक स्थिति में तुरंत रेस्क्यू व मेडिकल सहायता उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। इस अभियान के माध्यम से अब तक बड़ी संख्या में श्रद्धालु लाभान्वित हो रहे हैं, जिससे केदारनाथ यात्रा और अधिक सुरक्षित और भरोसेमंद बनती जा रही है।