गुजरात और जयपुर के तीर्थयात्रियों की बिगड़ी थी तबीयत,
समय रहते पहुंचाया अस्पताल,
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम की यात्रा पर आए दो तीर्थयात्रियों के लिए एसडीआरएफ के जवान देवदूत बनकर सामने आए। स्वास्थ्य खराब होने की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों बीमार यात्रियों का सुरक्षित रेस्क्यू कर उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जिससे उनकी जान बच सकी।
पहली घटना में सेक्टर मजिस्ट्रेट ने एसडीआरएफ को विवेकानंद अस्पताल में भर्ती एक यात्री की गंभीर स्थिति की सूचना दी। 55 वर्षीय धनजी भाई निवासी गुजरात को सांस लेने में भारी कठिनाई हो रही थी और उन्हें तत्काल बड़े अस्पताल ले जाने की आवश्यकता थी। सूचना मिलते ही उप निरीक्षक राजबर राणा के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची और यात्री को सुरक्षित हेलीपैड तक पहुंचाया, जहां से उन्हें एयरलिफ्ट कर उच्च चिकित्सा केंद्र भेजा गया।
वहीं दूसरी ओर, केदारनाथ पुलिस चौकी से मिली सूचना के आधार पर एसडीआरएफ की टीम मुख्य आरक्षी जितेंद्र नेगी के नेतृत्व में आगरा भवन पहुँची। यहाँ जयपुर निवासी 37 वर्षीय आकांक्षा की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। टीम ने दुर्गम परिस्थितियों में रेस्क्यू कर महिला को बेस कैंप स्थित अस्पताल पहुंचाया, जहाँ उनका उपचार जारी है।
केदारनाथ यात्रा के दौरान ऑक्सीजन की कमी और अत्यधिक ठंड के कारण यात्रियों का स्वास्थ्य बिगड़ने का जोखिम बना रहता है। प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की कि वे यात्रा के दौरान अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें और किसी भी असहजता की स्थिति में तुरंत नजदीकी राहत दल या पुलिस सहायता केंद्र से संपर्क करें।