Apr 23, 2026

स्वास्थ्य विभाग की मुहिम : घर-घर पहुंचकर दी जा रही संस्थागत प्रसव की जानकारी, शत-प्रतिशत सुरक्षित प्रसव का लक्ष्य

post-img

गर्भवती महिलाओं और परिजनों को किया जा रहा जागरूक’

रुद्रप्रयाग। जनपद में मातृ-शिशु मृत्यु दर को कम करने और शत-प्रतिशत संस्थागत प्रसव (अस्पताल में प्रसव) सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने कमर कस ली है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रकाश के निर्देशन में विभागीय टीमें गांव-गांव और घर-घर जाकर गर्भवती महिलाओं व उनके परिजनों को जागरूक कर रही हैं।

स्वास्थ्य विभाग की फील्ड टीमों के साथ-साथ जिला स्तरीय टीम भी इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभा रही है। अप्रैल माह में संभावित प्रसव वाली सभी 226 महिलाओं से संपर्क किया गया। पिछले एक सप्ताह में टीम ने अगस्त्यमुनि ब्लॉक के गंधारी, दुर्गाधार, तड़ाग, तिलणी, जखोली के जवाड़ी और ऊखीमठ के मुनकटिया गांव में घर-घर भ्रमण कर महिलाओं की काउंसलिंग की। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सीमा टेकचंदानी ने बताया कि भ्रमण के दौरान परिजनों को समझाया जा रहा है कि अस्पताल में प्रसव कराने से मां और बच्चा दोनों सुरक्षित रहते हैं। डॉक्टरों की देखरेख में आपातकालीन स्थितियों, जैसे अत्यधिक रक्तस्राव, का तत्काल उपचार संभव है। साथ ही, मौके पर ही बच्चे का टीकाकरण और सही देखभाल सुनिश्चित होती है।