यात्रा मार्ग पर तैनात फार्मासिस्ट कर रहे नियमित जांच,
बीपी से लेकर ऑक्सीजन तक की सुविधा उपलब्ध,
रुद्रप्रयाग। विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम की कठिन यात्रा अब श्रद्धालुओं के लिए न केवल सुरक्षित, बल्कि स्वास्थ्य के दृष्टिकोण से भी अधिक सुगम हो गई है। राज्य आपदा प्रतिवादन बल एसडीआरएफ के जवान अपनी पारंपरिक आपदा प्रबंधन की भूमिका से आगे बढ़कर, यात्रा मार्ग पर मानवता और सेवा की नई मिसाल पेश कर रहे हैं। दुर्गम रास्तों पर तैनात ये जवान यात्रियों को त्वरित चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराकर उनकी यात्रा को निर्बाध बना रहे हैं।
प्रशासन के निर्देशों पर अमल करते हुए एसडीआरएफ की टीमों के साथ प्रशिक्षित फार्मासिस्ट भी तैनात किए गए हैं। ये टीमें यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कर रही हैं। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में यात्रियों का रक्तचाप (बीपी) मापा जा रहा है और सामान्य जांच की जा रही है, ताकि किसी भी संभावित स्वास्थ्य खतरे को समय रहते पहचाना जा सके।
केदारनाथ की चढ़ाई के दौरान ऑक्सीजन की कमी एक बड़ी चुनौती होती है। इसे देखते हुए एसडीआरएफ की टोलियां ऑक्सीजन सिलेंडर और जरूरी जीवनरक्षक दवाओं के साथ मुस्तैद हैं। जिन यात्रियों को सांस लेने में तकलीफ हो रही है, उन्हें तत्काल ऑक्सीजन सपोर्ट दिया जा रहा है, जिससे वे राहत महसूस कर रहे हैं और सुरक्षित रूप से अपनी यात्रा पूरी कर पा रहे हैं। दुर्गम और थकान भरे मार्ग पर मिल रही इस सहायता की देश-विदेश से आए श्रद्धालु जमकर सराहना कर रहे हैं। यात्रियों का कहना है कि वर्दीधारियों को न केवल सुरक्षा बल्कि स्वास्थ्य रक्षक के रूप में अपने पास पाकर उन्हें मानसिक रूप से बड़ा संबल मिल रहा है।