फिटनेस और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में युवाओं ने हासिल किए प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान, जिलाधिकारी ने विजेताओं को किया सम्मानित,
रुद्रप्रयाग। डिजिटल यूथ फेस्टिवल-2026 में रुद्रप्रयाग के युवाओं ने शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। फेस्टिवल के द्वितीय एवं तृतीय सप्ताह में आयोजित विभिन्न ऑनलाइन प्रतियोगिताओं में जिले के प्रतिभागियों ने फिटनेस, सांस्कृतिक गतिविधियों और यूथ फोटोग्राफी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल किए।
सोमवार को जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया। उन्होंने सभी विजेताओं को शुभकामनाएं देते हुए युवाओं को निरंतर अपनी प्रतिभा निखारने के लिए प्रेरित किया।
द्वितीय सप्ताह की फिटनेस चैलेंज (पुरुष वर्ग) प्रतियोगिता में मयंक कुमार ने प्रथम, दिव्यम चंद्र ने द्वितीय और आयुष कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी सप्ताह आयोजित ‘माय उत्तराखंड, माय प्राइड’ सांस्कृतिक चैलेंज में नवनीत भट्ट ने प्रथम, विवेश कुमार ने द्वितीय और प्रिया ने तृतीय स्थान हासिल किया।
वहीं, तृतीय सप्ताह की फिटनेस चैलेंज (रस्सी कूद) प्रतियोगिता में अनुसूया रावत ने प्रथम, आयुष कुमार ने द्वितीय और महक ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। यूथ फोटोग्राफी पर आधारित सांस्कृतिक चैलेंज में नवनीत भट्ट ने प्रथम, शुभम सिंह नेगी ने द्वितीय और सोनाक्षी डिमरी ने तृतीय स्थान हासिल किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने कहा कि डिजिटल यूथ फेस्टिवल जैसे आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ उसे निखारने के लिए व्यापक मंच उपलब्ध कराते हैं। उन्होंने युवाओं से खेल, फिटनेस, संस्कृति एवं रचनात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने का आह्वान किया।
जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग ने सभी विजेता प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विभाग के अनुसार डिजिटल यूथ फेस्टिवल युवाओं को फिटनेस, सांस्कृतिक गतिविधियों, रचनात्मकता और डिजिटल माध्यमों के जरिए अपनी प्रतिभा को सामने लाने का प्रभावी मंच उपलब्ध करा रहा है।
कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, जिला कार्यक्रम अधिकारी अखिलेश मिश्रा, जिला युवा कल्याण अधिकारी वरद जोशी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

