Mar 30, 2026
govt-ads

जनता के द्वार पहुंच रही रुद्रप्रयाग पुलिस, “अभियान प्रहरी पड़ाव, के तहत ग्राम बैंजी में रात्रि चौपाल आयोजित,

post-img

रुद्रप्रयाग। जनपद में पुलिस और जनता के बीच आपसी सामंजस्य मजबूत करने तथा जन-संवाद को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सुश्री नीहारिका तोमर द्वारा संचालित “अभियान प्रहरी पड़ाव” लगातार गति पकड़ रहा है। इस पहल के प्रथम चरण में पुलिस टीम गांव-गांव जाकर लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान कर रही है।

बीती रात कोतवाली अगस्त्यमुनि क्षेत्र के ग्राम बैंजी में प्रभारी निरीक्षक गुमान सिंह की अध्यक्षता में रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों ने भाग लिया। चौपाल के दौरान पुलिस ने गांव के हालात और संभावित विवादों की जानकारी ली, हालांकि वर्तमान में कोई भी भूमि या दीवानी विवाद सामने नहीं आया। गोष्ठी में पुलिस टीम ने महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए गौरा शक्ति एप और हेल्पलाइन नंबर 1098 की जानकारी साझा की। साथ ही घरेलू हिंसा और बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूक किया गया। “नशा मुक्त देवभूमि अभियान” के तहत ग्रामीणों से अपील की गई कि मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों की सूचना गोपनीय रूप से पुलिस को दें।

साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए क्षेत्र में एक ‘साइबर मित्र’ नियुक्त किया गया है, जिसका संपर्क नंबर भी ग्रामीणों को उपलब्ध कराया गया, ताकि किसी भी ठगी की स्थिति में तुरंत सहायता मिल सके। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए गांव के प्रवेश और निकास द्वारों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही ग्राम सुरक्षा समितियों के पुनर्गठन और ग्राम चौकीदारों को सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा “ऑपरेशन क्रैकडाउन” के तहत बाहरी व्यक्तियों के शत-प्रतिशत सत्यापन के लिए ग्रामीणों से सहयोग मांगा गया। गांव में अकेले रह रहे वरिष्ठ नागरिकों की सूची तैयार कर उनकी कुशलक्षेम जानी गई और उन्हें हर संभव पुलिस सहायता का भरोसा दिलाया गया। रुद्रप्रयाग पुलिस का उद्देश्य केवल कानून व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि आम जनता में सुरक्षा की भावना विकसित करना और पारदर्शी तरीके से उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना है।