विकास का दिया भरोसा, जल्द होगा समस्याओं का समाधान,
रूद्रप्रयाग। कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने सोमवार को रुद्रप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के जखोली विकासखंड का व्यापक दौरा कर क्षेत्रीय जनता की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित समाधान का भरोसा दिलाया। मंत्री का यह दौरा कई गांवों में जनसंपर्क और जमीनी हकीकत जानने के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण रहा।
जखोली ब्लॉक के अंतर्गत सुमाड़ी, स्यालसू, लावड़ी, तुनेटा, बैनोली, सतनाखील, मयाली, बरसीर, बच्चवाड़, कपनियां, जखोली ब्लॉक मुख्यालय, बजीरा और उरोली समेत कई गांवों में पहुंचे मंत्री चौधरी ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों, पार्टी कार्यकर्ताओं और आम जनता से सीधे संवाद किया। इस दौरान ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य और रोजगार से जुड़ी समस्याएं प्रमुखता से उठाईं। मंत्री चौधरी ने जनता को आश्वस्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार हर समस्या के समाधान के लिए गंभीर है और प्राथमिकता के आधार पर कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और प्रदेश में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य तेजी से विकास की ओर अग्रसर है।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाना है और इसके लिए लगातार योजनाएं धरातल पर उतारी जा रही हैं। क्षेत्र भ्रमण के दौरान मंत्री का ग्रामीणों ने गर्मजोशी से स्वागत किया, जिसके लिए उन्होंने आभार भी व्यक्त किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत, भाजपा जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट, पूर्व जिलाध्यक्ष वाचस्पति सेमवाल, मंडल अध्यक्ष मेहरवान सिंह रावत सहित कई जनप्रतिनिधि और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। मंत्री का यह दौरा न सिर्फ जनसमस्याओं को समझने का माध्यम बना, बल्कि सरकार की विकास योजनाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता भी दर्शाता है।