Aug 19, 2026

नागताल झील में जन्माष्टमी मेले की तैयारियां शुरू, गांवों की झांकियां रहेंगी आकर्षण का केंद्र

post-img

फाटा। केदारघाटी के फाटा क्षेत्र में स्थित प्राकृतिक एवं पौराणिक नागताल झील में जन्माष्टमी पर्व पर आयोजित होने वाले धार्मिक मेले की तैयारियां शुरू हो गई हैं। नागताल मेला समिति की ओर से मेले को भव्य स्वरूप देने के लिए बैठक आयोजित कर तैयारियों को अंतिम रूप देने पर चर्चा की गई।

 

बैठक में इस वर्ष क्षेत्र के विभिन्न गांवों से आने वाली श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की झांकियों को और अधिक भव्य एवं आकर्षक बनाने पर जोर दिया गया। इसके साथ ही महिला मंगल दलों द्वारा पौराणिक गीतों की प्रस्तुतियां भी मेले का प्रमुख आकर्षण रहेंगी। समिति की ओर से इन कार्यक्रमों को लेकर तैयारियां की जा रही हैं।

 

मेला समिति के अध्यक्ष उमेंद्र सिंह रमोला ने कहा कि केदारघाटी में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं और प्राकृतिक नागताल झील इनमें प्रमुख है। उन्होंने कहा कि इस पौराणिक स्थल पर प्रत्येक वर्ष जन्माष्टमी के अवसर पर धार्मिक मेले का आयोजन किया जाता है, जिसमें क्षेत्र के विभिन्न गांवों से श्रद्धालु और ग्रामीण बड़ी संख्या में पहुंचते हैं।

 

उन्होंने बताया कि मेले का मुख्य आकर्षण विभिन्न गांवों से आने वाली श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की झांकियां होती हैं। समिति इस वर्ष मेले को और भव्य बनाने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने देश-विदेश के श्रद्धालुओं और पर्यटन प्रेमियों से नागताल मेले में पहुंचकर धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन का आनंद लेने की अपील की।

 

बैठक में जिला पंचायत सदस्य अमित मैखंडी, समिति के उपाध्यक्ष नितिन जमलोकी, कोषाध्यक्ष रघुवीर सिंह शाह,  शैलेन्द्र सजवान, जसपाल सिंह राणा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।