रुद्रप्रयाग। सेवा, सुशासन एवं समर्पण अभियान के तहत शुक्रवार को विकासखंड जखोली के राजकीय इंटर कॉलेज तिलकनगर, सुमाड़ी में 'जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार' शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाई और पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ प्रदान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी जखोली भगत सिंह फोनिया ने की। शिविर में स्वास्थ्य, समाज कल्याण, कृषि, उद्यान, महिला एवं बाल विकास सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने लोगों को विभागीय योजनाओं की जानकारी दी, उनकी समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीमांत अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष चंडी प्रसाद भट्ट ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार विकास, सुशासन और जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं, महिलाओं, किसानों, छात्र-छात्राओं और समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही है, जिनका उद्देश्य लोगों को आत्मनिर्भर बनाना और उनके जीवन स्तर में सुधार लाना है।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ अब गांव-गांव तक पहुंच रहा है। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ा जा रहा है, किसानों की आय बढ़ाने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं तथा युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने 60 वर्ष की आयु पूर्ण करने पर एक ही परिवार के पति-पत्नी दोनों को वृद्धावस्था पेंशन का लाभ दिए जाने के निर्णय को जनहित में ऐतिहासिक पहल बताया।
पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष वाचस्पति सेमवाल ने कहा कि ऐसे शिविर सरकार और जनता के बीच सीधे संवाद का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। इनके माध्यम से लोगों की समस्याओं का समाधान उनके क्षेत्र में ही किया जा रहा है तथा पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जा रहा है।
अध्यक्षीय संबोधन में उपजिलाधिकारी भगत सिंह फोनिया ने कहा कि अभियान का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का यथासंभव मौके पर ही समाधान करना और विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विकासखंड के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार ऐसे शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक लोग सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकें। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले जनप्रतिनिधियों, विभागीय अधिकारियों एवं स्थानीय नागरिकों का आभार भी व्यक्त किया।
कार्यक्रम के नोडल अधिकारी के.एस. कोहली ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए अतिथियों का स्वागत किया तथा अपने विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी उपस्थित जनसमुदाय को दी।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान सुमाड़ी शांति देवी, समाज कल्याण अनुश्रवण समिति सदस्य गिरिवर सिंह रावत, मंडल अध्यक्ष राजेंद्र डिमरी, अमित रावत, कुलबीर सिंह रावत, पीटीए अध्यक्ष राकेश गौड़, एसएमसी अध्यक्ष रेखा देवी, प्रधानाचार्य एम.एस. कंडारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।