पैदल यात्रियों की आवाजाही जारी, सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने बढ़ाई निगरानी,
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम पैदल मार्ग पर पोल संख्या 98 और 99 के बीच पहाड़ी से अचानक बोल्डर एवं पत्थर गिरने के कारण मार्ग का एक हिस्सा अवरुद्ध हो गया। घटना के बाद एहतियातन घोड़ा, डंडी एवं कंडी सेवा को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। हालांकि पैदल यात्रियों की आवाजाही प्रशासन की निगरानी में सुचारु रूप से जारी है।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव दल तत्काल मौके पर पहुंच गया। यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए घटनास्थल पर डीडीआरएफ, पुलिस चौकी जंगलचट्टी तथा एमटीएफ भीमबली की टीमें तैनात कर दी गई हैं। प्रशासन द्वारा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
लोक निर्माण विभाग, गुप्तकाशी निर्माण खंड के कनिष्ठ अभियंता के अनुसार, मार्ग को शीघ्र सुचारु करने के लिए 14 श्रमिकों को मलबा हटाने के कार्य में लगाया गया है। युद्धस्तर पर चल रहे राहत कार्य के माध्यम से मार्ग को जल्द से जल्द पूरी तरह बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मौसम की स्थिति एवं यात्रियों की सुरक्षा का आकलन करने के बाद ही घोड़ा-डंडी एवं कंडी सेवा दोबारा प्रारंभ की जाएगी। साथ ही श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे यात्रा के दौरान पूरी सतर्कता बरतें, अफवाहों पर ध्यान न दें तथा प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।