Jun 24, 2026

उपद्रवियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो होगा चक्का जाम: मोहित डिमरी

post-img

रुद्रप्रयाग। कर्णप्रयाग और नगरासू में हाल ही में हुई घटनाओं को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता और युवा नेता मोहित डिमरी ने राज्य सरकार पर सवाल उठाते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि उपद्रव और हिंसा फैलाने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई नहीं की गई तो व्यापक जनआंदोलन और चक्का जाम जैसे कार्यक्रम चलाए जाएंगे।

 

मोहित डिमरी ने जारी बयान में कहा कि कर्णप्रयाग में स्थानीय युवकों और कुछ निहंग सिखों के बीच हुए विवाद के बाद तलवार से हमला किए जाने तथा नगरासू गुरुद्वारे में उपद्रव, तोड़फोड़ और तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न होने की घटनाएं चिंताजनक हैं। उनका आरोप है कि सरकार ने मामले में निष्पक्ष कार्रवाई करने के बजाय राजनीतिक दबाव में निर्णय लिए हैं।

 

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में सिख समुदाय का हमेशा सम्मान रहा है और उनका विरोध किसी धर्म या समुदाय से नहीं, बल्कि कानून हाथ में लेने वाले तत्वों से है। उन्होंने कहा कि राज्य की शांति और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष कार्रवाई आवश्यक है।

 

डिमरी ने सरकार से स्थानीय युवकों के विरुद्ध दर्ज मुकदमों को वापस लेने, कथित हमलावरों के खिलाफ नामजद मुकदमे दर्ज करने, घटनाओं की निष्पक्ष जांच कराने तथा यात्रा के दौरान हथियारों के प्रदर्शन को लेकर स्पष्ट नियम बनाने की मांग की। उन्होंने यह भी कहा कि कर्णप्रयाग और रुद्रप्रयाग से जुड़े मामलों की जांच संबंधित जिलों में ही कराई जानी चाहिए।

 

उन्होंने मांग की कि उत्तराखंड के गुरुद्वारों के संचालन में स्थानीय सिख समुदाय की भूमिका को प्राथमिकता दी जाए और बाहरी राजनीतिक हस्तक्षेप को रोका जाए। डिमरी ने कहा कि उत्तराखंड शांति और भाईचारे की भूमि है तथा किसी भी प्रकार की हिंसा और सांप्रदायिक उग्रवाद को स्वीकार नहीं किया जा सकता।

 

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं करती है तो लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन और चक्का जाम जैसे कार्यक्रमों पर विचार किया जाएगा।