May 09, 2026

मुखानी और हल्द्वानी चोरी मामले समन्वित पुलिस कार्रवाई से सुलझे

post-img

हल्द्वानी। नैनीताल पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। हल्द्वानी और मुखानी क्षेत्र में बंद घरों को निशाना बनाकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और कीमती सामान चोरी करने वाले तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर पुलिस ने करीब 25 लाख रुपये का चोरी का माल बरामद किया है। आरोपियों का संबंध हरिद्वार के सपेरा समुदाय से बताया जा रहा है, जो नैनीताल घूमने आए थे और रेकी कर वारदातों को अंजाम दे रहे थे। पुलिस के अनुसार पहला मामला कोतवाली हल्द्वानी क्षेत्र का है, जहां हरिपुर मोतिया निवासी मनोज कुमार जोशी ने शिकायत दर्ज कराई कि 1 मई को उनके कोटाबाग जाने के दौरान चोरों ने उनके बंद घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। मामले में कोतवाली हल्द्वानी में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। दूसरा मामला थाना मुखानी क्षेत्र का है, जहां कृष्णापुर निवासी लक्ष्मण सिंह ने 30 अप्रैल को घर का लॉक तोड़कर नकदी, घड़ी, हेलमेट और पायल चोरी किए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। इस मामले में भी मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। दोनों घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने तत्काल खुलासे के निर्देश दिए।

एसपी सिटी मनोज कत्याल और सीओ अमित कुमार सैनी की निगरानी में कोतवाली हल्द्वानी और थाना मुखानी की संयुक्त पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्ध गतिविधियों का विश्लेषण किया। जांच के दौरान पता चला कि हरिद्वार नंबर की एक बाइक पर दो संदिग्ध युवक क्षेत्र में घूमते देखे गए थे। पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय किया और शनिवार को बेल बाबा मंदिर के पास से तीनों आरोपियों को चोरी के माल सहित दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 20 वर्षीय प्रदीपनाथ उर्फ मंदीप, 20 वर्षीय गुरविंदर और 21 वर्षीय रोहितास उर्फ पोपे उर्फ बासु, निवासी घोसीपुरा सपेरा बस्ती, फेरूपुर थाना पथरी, हरिद्वार के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे सपेरे का काम करते हैं और घूमने के लिए नैनीताल आए थे।

वापसी में हल्द्वानी के टीपी नगर क्षेत्र के एक होटल में रुके और रात के समय बंद घरों की रेकी कर चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया। पुलिस ने इनके कब्जे से सोने-चांदी के आभूषणों का बड़ा जखीरा बरामद किया, जिसमें सोने के हार, चैन, मंगलसूत्र, अंगूठियां, चोकर, कान के टॉप्स, चांदी के कटोरे, पायल, कमरबंद सहित अन्य बहुमूल्य सामान शामिल हैं। बरामद माल की कुल कीमत करीब 25 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी गुरविंदर के खिलाफ पूर्व में भी चोरी के मुकदमे दर्ज हैं, जबकि अन्य आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने संयुक्त पुलिस टीम को 2500 रुपये नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया है।