May 09, 2026

चारधाम यात्रा 2026 आंकड़े: 21 दिनों में 89,380 पंजीकरण के साथ यात्रा ने पकड़ी रफ्तार

post-img

उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। यात्रा शुरू होने के शुरुआती 21 दिनों के भीतर ही पंजीकरण कराने वाले तीर्थयात्रियों की संख्या 89,380 तक पहुँच गई है। ऋषिकेश स्थित ट्रांजिट कैंप में हर दिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुँच रहे हैं, जिससे यात्रा प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।

उत्तराखंड चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। यात्रा शुरू होने के बाद से अब तक महज 21 दिनों में 89,380 तीर्थयात्रियों ने पंजीकरण कराया है। बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट मोड में है और यात्रियों की सुविधा, स्वास्थ्य जांच व सुरक्षा व्यवस्था को लगातार मजबूत किया जा रहा है। चारधाम यात्रा प्रशासन के अनुसार 17 अप्रैल से ऋषिकेश स्थित ट्रांजिट कैंप में पंजीकरण प्रक्रिया शुरू की गई थी। अब तक हजारों श्रद्धालु काउंटरों और हैंड डिवाइस मशीनों के माध्यम से अपना पंजीकरण करा चुके हैं। इनमें करीब 1073 तीर्थयात्रियों का पंजीकरण धर्मशालाओं और होटलों में हैंड डिवाइस मशीन के जरिए किया गया, जिससे यात्रियों को लंबी कतारों से राहत मिल रही है। चारधाम यात्रा के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। ट्रांजिट कैंप स्थित डिस्पेंसरी में 17 अप्रैल से 7 मई तक कुल 5301 तीर्थयात्रियों ने स्वास्थ्य जांच कराई। इनमें बड़ी संख्या ऐसे श्रद्धालुओं की रही, जिन्हें ब्लड प्रेशर, डायबिटीज और सांस संबंधी परेशानियां थीं। अधिकारियों के अनुसार केवल 23 अप्रैल से 7 मई के बीच ही 4005 लोगों ने हेल्थ चेकअप कराया। डॉक्टरों के मुताबिक यात्रा के दौरान ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम और ऑक्सीजन की कमी के कारण कई यात्रियों को स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतें हो रही हैं। अब तक ब्लड प्रेशर के 125, डायबिटीज के 140 और सांस संबंधी समस्याओं से पीड़ित करीब 300 मरीजों को दवाई और उपचार दिया गया। इनमें से 14 श्रद्धालुओं की हालत गंभीर होने पर उन्हें अलग-अलग दिनों में एसपीएस उप जिला चिकित्सालय रेफर करना पड़ा। चारधाम यात्रा प्रशासन के विशेष कार्याधिकारी पी.पी. नौटियाल ने बताया कि यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है और पंजीकरण प्रक्रिया को सुचारु रखने के लिए अतिरिक्त व्यवस्थाएं की जा रही हैं। वहीं चारधाम यात्रा डिस्पेंसरी के कोऑर्डिनेटर विजय गौर ने कहा कि यात्रियों के स्वास्थ्य को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है और मेडिकल टीम 24 घंटे निगरानी में जुटी हुई है। प्रशासन ने तीर्थयात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले स्वास्थ्य जांच जरूर कराएं और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों का पालन करें, ताकि यात्रा सुरक्षित और सुगम बनी रहे।