Feb 09, 2026

रूद्रप्रयाग में चिन्हित 12 स्थानों पर संचालित होंगे खनन पट्टे,, रिवर ड्रेजिंग से सुधरेगा नदी प्रवाह, जनपद को मिलेगा लगभग साढ़े छह करोड़ रुपये का राजस्व,

post-img

रूद्रप्रयाग।

जनपद रुद्रप्रयाग के अंतर्गत नदी किनारे चिन्हित 12 विभिन्न स्थानों पर खनन पट्टों का संचालन किया जाएगा। इस पहल से एक ओर जहां नदियों की प्रभावी चैनलाइजेशन संभव हो सकेगी, वहीं दूसरी ओर जनपद को उल्लेखनीय राजस्व भी प्राप्त होगा। साथ ही मानसून सत्र से पूर्व नदियों के प्राकृतिक प्रवाह को सुगम बनाने में यह प्रक्रिया महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष रिवर ड्रेजिंग कार्य को विशेष प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने कहा कि मानसून अवधि के दौरान बड़ी मात्रा में गाड़-गदेरे नदियों में मिलते हैं, जिससे नदियों का जलस्तर अचानक बढ़ जाता है और वे उफान पर आ जाती हैं। ऐसी स्थिति में नदी किनारे बसे गांवों, काश्तकारों की कृषि भूमि तथा आवासीय भवनों पर खतरा उत्पन्न हो जाता है।

जिलाधिकारी ने बताया कि मानसून से पूर्व नदियों में जमा अतिरिक्त मलबा, रेत, बजरी एवं बोल्डर हटाने के लिए रिवर ड्रेजिंग अत्यंत आवश्यक है। खनन पट्टों का संचालन इस दिशा में एक प्रभावी माध्यम है, जिससे एक ओर राजस्व अर्जन होगा, वहीं दूसरी ओर संभावित आपदा जोखिम को भी काफी हद तक कम किया जा सकेगा।

उन्होंने बताया कि जनपद में 12 अलग-अलग स्थानों को खनन पट्टा संचालन के लिए चिन्हित किया गया है। इन पट्टों के लिए बीते दो फरवरी को निविदाएं आमंत्रित की गई थीं, जिनके माध्यम से जनपद को लगभग साढ़े छह करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है। जिलाधिकारी ने कहा कि इस पहल से नदियों को उनका प्राकृतिक मार्ग मिलेगा, जल प्रवाह में सुधार होगा तथा नदी तटवर्ती क्षेत्रों में कटान और जलभराव जैसी समस्याओं से राहत मिलेगी। साथ ही स्थानीय काश्तकारों और बस्तियों को संभावित नुकसान से भी सुरक्षित रखा जा सकेगा।