रुद्रप्रयाग। न्याय पंचायत मरोड़ा की ग्राम पंचायत नगरासू से मीना देवी पत्नी गुरुदेव सिंह नेगी उप प्रधान पद पर निर्विरोध निर्वाचित हुई हैं। उनके निर्विरोध चुने जाने पर क्षेत्रवासियों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए सफल कार्यकाल की कामना की है।
गौरतलब है कि कुछ माह पूर्व मीना देवी उस समय सुर्खियों में आई थीं, जब प्रसव पीड़ा के दौरान खराब एंबुलेंस के कारण उन्हें समय पर अस्पताल नहीं पहुंचाया जा सका था। परिणामस्वरूप शिवानंदी से कुछ आगे सड़क किनारे ही उनका प्रसव हुआ था। इस घटना ने स्वास्थ्य सेवाओं और एंबुलेंस व्यवस्था पर कई गंभीर सवाल खड़े किए थे।
अब उसी मीना देवी का ग्राम पंचायत नगरासू से उप प्रधान पद पर निर्विरोध चुना जाना क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। स्थानीय लोगों ने विश्वास जताया है कि वे जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाते हुए ग्राम पंचायत के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएंगी
।