Jul 15, 2026

विश्व युवा कौशल दिवस पर विधिक जागरूकता एवं कौशल विकास कार्यक्रम आयोजित

post-img

रुद्रप्रयाग। उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के दिशा-निर्देशन एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रुद्रप्रयाग की अध्यक्ष एवं जनपद न्यायाधीश के मार्गदर्शन में विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर एसबीआई ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (SBI RSETI), रुद्रप्रयाग के सहयोग से विधिक जागरूकता एवं कौशल विकास कार्यक्रम आयोजित किया गया।

 

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव पायल सिंह के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं, पैरालीगल वालंटियर्स (PLVs) एवं पैरालीगल प्रशिक्षुओं को तकनीकी, व्यावसायिक और जीवनोपयोगी कौशल के महत्व से अवगत कराना तथा उन्हें रोजगार, स्वरोजगार, उद्यमिता और विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना था।

 

कार्यक्रम के दौरान पैरालीगल वालंटियर्स एवं पैरालीगल प्रशिक्षुओं के लिए विशेष कौशल विकास सत्र आयोजित किया गया। साथ ही रोजगार योजनाओं एवं विधिक अधिकारों पर कार्यशाला आयोजित कर प्रतिभागियों को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न रोजगार एवं स्वरोजगार योजनाओं, बैंकिंग एवं वित्तीय साक्षरता, डिजिटल भुगतान, स्वरोजगार के लिए उपलब्ध ऋण सुविधाओं तथा निःशुल्क विधिक सहायता योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।

 

वक्ताओं ने कहा कि विश्व युवा कौशल दिवस का उद्देश्य युवाओं को ऐसे व्यावहारिक एवं तकनीकी कौशलों से सशक्त बनाना है, जिससे उनकी रोजगार क्षमता बढ़े, उद्यमिता को प्रोत्साहन मिले और वे आत्मनिर्भर बन सकें। युवाओं को नवाचार की दिशा में आगे बढ़ने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए भी प्रेरित किया गया।

 

कार्यक्रम के समापन पर युवाओं, पैरालीगल वालंटियर्स एवं प्रशिक्षुओं से कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रमों का अधिकाधिक लाभ उठाने, सरकारी योजनाओं का प्रभावी उपयोग करने तथा आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया।