Aug 13, 2026

रुद्रप्रयाग में निकली भव्य तिरंगा रैली, राष्ट्रप्रेम के रंग में रंगा शहर, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, छात्र-छात्राओं और आमजन ने हाथों में तिरंगा लेकर दिया राष्ट्रीय एकता का संदेश

post-img

रुद्रप्रयाग। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में जनपद रुद्रप्रयाग में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत गुरुवार को भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। रैली का शुभारंभ आर्मी कैंट स्थित बास्केटबॉल ग्राउंड से हुआ, जो नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए गुलाबराय मैदान पहुंची। कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

रैली में कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत और जिलाधिकारी विशाल मिश्रा समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, छात्र-छात्राएं, वरिष्ठ नागरिक एवं सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए। छात्र-छात्राओं ने करीब 50 मीटर लंबे तिरंगे को हाथों में थामकर राष्ट्रप्रेम, एकता और अखंडता का संदेश दिया। हाथों में तिरंगा लिए प्रतिभागियों ने ‘भारत माता की जय’ सहित देशभक्ति के नारों से पूरे शहर को गुंजायमान कर दिया। रैली के दौरान मार्ग में जगह-जगह देशभक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के त्याग एवं बलिदान को स्मरण करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव को बनाए रखने के लिए अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करे।

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने कहा कि तिरंगा रैली का मुख्य उद्देश्य जन-जन में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना को और मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि देश के प्रति अपने दायित्वों और जिम्मेदारियों को याद करने का भी दिन है। उन्होंने रैली में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करने वाले सभी छात्र-छात्राओं, अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों एवं आमजन का आभार व्यक्त किया।

जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। इस तरह के आयोजन युवा पीढ़ी में देशभक्ति की भावना और राष्ट्रीय मूल्यों के प्रति सम्मान को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से स्वतंत्रता दिवस को उत्साह, गरिमा और राष्ट्रप्रेम की भावना के साथ मनाने की अपील की।

तिरंगा रैली में जिला भाजपा अध्यक्ष भारत भूषण भट्ट, भूपेंद्र सिंह भंडारी, अजय सेमवाल, सुरेंद्र सिंह बिष्ट, अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, उपजिलाधिकारी रुद्रप्रयाग सोहन सिंह सैनी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार, सहायक निदेशक डेयरी विकास भूपेंद्र सिंह बिष्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।