Aug 13, 2026

मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने जिलाधिकारी को भेंट की 10 पुस्तकें, ‘एक पुस्तक दान करें, ज्ञान का वृक्ष लगाएं’ अभियान को मिल रहा लगातार जनसमर्थन

post-img

रुद्रप्रयाग। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा की पहल पर जनपद मुख्यालय में संचालित ‘एक पुस्तक दान करें, ज्ञान का वृक्ष लगाएं’ अभियान को लगातार जनसमर्थन मिल रहा है। इसी क्रम में मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. आशीष रावत ने जिलाधिकारी से भेंट कर अभियान के लिए 10 पुस्तकें भेंट कीं।

जिलाधिकारी कार्यालय में आयोजित भेंट के दौरान डॉ. आशीष रावत ने पुस्तकें जिलाधिकारी को सौंपते हुए अभियान में अपना योगदान सुनिश्चित किया। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता से अभियान को मजबूती मिल रही है। पुस्तकें दान किए जाने से पुस्तकालयों को समृद्ध करने के साथ जरूरतमंद विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने में भी मदद मिलेगी।

जिलाधिकारी ने जनपद के अधिकारियों, कर्मचारियों और आमजन से अभियान से जुड़कर अधिक से अधिक पुस्तकें दान करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पुस्तक का दान ज्ञान के वृक्ष को मजबूत करने के साथ समाज में अध्ययन और पठन-पाठन की संस्कृति को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. आशीष रावत ने कहा कि पुस्तकें ज्ञान का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ऐसे अभियानों के माध्यम से विद्यार्थियों को उपयोगी अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने के साथ समाज में पढ़ने की आदत और ज्ञान अर्जित करने की प्रवृत्ति को भी प्रोत्साहन मिलेगा।