Aug 13, 2026

डाइट रतूड़ा में रंगोली प्रतियोगिता, विजेता टीमों को जिलाधिकारी ने किया सम्मानित

post-img

रुद्रप्रयाग। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में जनपद में आयोजित किए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों की श्रृंखला में डाइट रतूड़ा में रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी विशाल मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

प्रतियोगिता में राजकीय कन्या उच्चतर प्राथमिक विद्यालय रतूड़ा की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज रतूड़ा की टीम द्वितीय तथा राजकीय इंटर कॉलेज नगरासू की टीम तृतीय स्थान पर रही। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने विजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया तथा सभी प्रतिभागी छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश की एकता, अखंडता और राष्ट्र के प्रति नागरिकों के कर्तव्यों की याद दिलाता है। ऐसे रचनात्मक आयोजनों से विद्यार्थियों में देशभक्ति, सृजनात्मकता और टीम भावना का विकास होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ-साथ सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, जिला कार्यक्रम अधिकारी अखिलेश मिश्रा, मुख्य शिक्षा अधिकारी अजय चौधरी, डाइट की प्राचार्य रुचिना पुरी, शिक्षक दीपक बुटोला, ममता रावत सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं शिक्षक उपस्थित रहे।