रुद्रप्रयाग। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशों के अनुपालन में तथा केदारनाथ यात्रा के दृष्टिगत जनपद में अवैध शराब के विरुद्ध आबकारी विभाग द्वारा सघन चेकिंग अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आबकारी विभाग की टीम ने ऊखीमठ बाजार क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है।
अभियान के दौरान आबकारी टीम ने आरोपियों के कब्जे से अंग्रेजी शराब के 116 पव्वे एवं 28 अद्धे बरामद किए। बरामद शराब के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत न कर पाने पर दोनों आरोपियों के विरुद्ध उत्तराखंड आबकारी अधिनियम की धारा 60 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
जिला आबकारी अधिकारी रमेश बंगवाल ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशानुसार जनपद में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन एवं बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केदारनाथ यात्रा अवधि के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के उद्देश्य से विभाग की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपद में अवैध शराब कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस कार्रवाई में आबकारी निरीक्षक आनंद सिंह चौहान, प्रधान आबकारी सिपाही रीना एवं किरण सेमवाल, आबकारी सिपाही चंद्रिका तथा पीआरडी जवान प्रवीण की महत्वपूर्ण भूमिका रही।