Jun 08, 2026

महंगाई पर कांग्रेस का हल्लाबोल, तिलवाड़ा में केंद्र सरकार का पुतला दहन, संगठन विस्तार का भी बिगुल,

post-img

रुद्रप्रयाग। बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की आसमान छूती कीमतों के विरोध में तिलवाड़ा नगर सोमवार को कांग्रेस के जोरदार प्रदर्शन का गवाह बना। नगर कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में आयोजित विरोध प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और पुतला दहन कर अपना आक्रोश व्यक्त किया।

प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह कंडारी एवं कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने किया। इस अवसर पर आयोजित सभा में कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर महंगाई रोकने में विफल रहने का आरोप लगाते हुए कहा कि लगातार बढ़ती कीमतों ने आम जनता की कमर तोड़ दी है। उन्होंने कहा कि किसान, मजदूर, व्यापारी और मध्यम वर्ग आज सबसे अधिक आर्थिक दबाव झेल रहा है, जबकि सरकार जनता की समस्याओं के समाधान में गंभीर नहीं दिख रही है।

वक्ताओं ने कहा कि बढ़ती बेरोजगारी, आवश्यक वस्तुओं के दामों में लगातार वृद्धि और घटती क्रय शक्ति ने आम आदमी का जीवन संकटपूर्ण बना दिया है। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि महंगाई पर प्रभावी नियंत्रण नहीं किया गया और जनता को राहत नहीं मिली, तो पार्टी सड़कों से लेकर जनआंदोलनों तक अपनी लड़ाई को और तेज करेगी।

प्रदर्शन के बाद तिलवाड़ा में नगर कांग्रेस कमेटी की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई, जिसमें बूथ अध्यक्षों, बीएलए-2 और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। बैठक में आगामी राजनीतिक चुनौतियों, संगठन विस्तार, बूथ स्तरीय कमेटियों के गठन तथा पार्टी की भावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में जिला कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह कंडारी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख जखोली, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी प्रदीप थपलियाल, नगर अध्यक्ष बिशन सिंह जगवाण, पूर्व नगर अध्यक्ष अंकुर सिंह रौथाण, पूर्व जिला पंचायत सदस्य देवेश्वरी नेगी सहित अनेक वरिष्ठ कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस दौरान शिक्षा विभाग से सेवानिवृत्त जयपाल कंडारी ने विधिवत कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर पार्टी का दामन थामा। कांग्रेस नेताओं ने उनका स्वागत करते हुए कहा कि उनके अनुभव और सामाजिक योगदान से संगठन को नई मजबूती मिलेगी।

बैठक का संचालन वरिष्ठ कांग्रेसी नेता विक्रम सिंह भण्डारी ने किया। कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस नेताओं ने जनहित के मुद्दों पर संघर्ष को और धारदार बनाने तथा संगठन को गांव-गांव और बूथ-बूथ तक मजबूत करने का संकल्प लिया।