छात्र-छात्राओं को सहिष्णुता, मौलिक अधिकारों और नशे के दुष्प्रभावों के प्रति किया जागरूक, नुक्कड़ नाटक के जरिए दिया नशामुक्ति का संदेश,
रुद्रप्रयाग। अंतरराष्ट्रीय सहिष्णुता दिवस के अवसर पर सोमवार को राजकीय महाविद्यालय रुद्रप्रयाग के जवाड़ी परिसर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से विधिक साक्षरता शिविर आयोजित किया गया। उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के दिशा-निर्देशन तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्ष एवं जनपद न्यायाधीश नीना अग्रवाल के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर की अध्यक्षता प्राधिकरण की सचिव पायल सिंह ने की।
शिविर में छात्र-छात्राओं को अंतरराष्ट्रीय सहिष्णुता दिवस के महत्व की जानकारी देते हुए बताया गया कि प्रतिवर्ष 16 नवंबर को यह दिवस मनाया जाता है। इसका उद्देश्य समाज में प्रेम, सद्भाव, शांति, समानता और एक-दूसरे के विचारों, संस्कृतियों एवं विविधताओं के प्रति सम्मान की भावना को प्रोत्साहित करना है। वक्ताओं ने कहा कि सहिष्णुता शांतिपूर्ण और समरस समाज के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार है।
इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव पायल सिंह ने कहा कि सहिष्णुता का अर्थ केवल दूसरों के विचारों को स्वीकार करना ही नहीं, बल्कि आपसी सम्मान, सहयोग और भाईचारे की भावना को मजबूत करना भी है।
उन्होंने छात्र-छात्राओं को अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने, सामाजिक कुरीतियों से दूर रहने तथा समाज में शांति और सद्भाव बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने युवाओं से नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर अपने भविष्य और समाज के प्रति जिम्मेदार बनने का आह्वान किया।
शिविर में राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) की ओर से 14 से 27 नवंबर 2026 तक संचालित 'नालसा डॉन पखवाड़ा जागरूकता अभियान' के बारे में भी जानकारी दी गई। बताया गया कि अभियान का उद्देश्य नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने के साथ ही नशे से प्रभावित बच्चों को आवश्यक विधिक सहायता, परामर्श, उपचार और पुनर्वास सेवाओं से जोड़ना है। नालसा की डॉन योजना के तहत प्रभावित बच्चों को उचित मार्गदर्शन और सहायता उपलब्ध कराकर उन्हें नशे की गिरफ्त से बाहर निकालने तथा स्वस्थ एवं सुरक्षित जीवन की ओर प्रेरित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
इस दौरान छात्र-छात्राओं को विभिन्न कानूनी प्रावधानों, मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों, निःशुल्क विधिक सहायता, महिलाओं एवं बच्चों के अधिकारों तथा साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण पराविधिक स्वयंसेवकों (पीएलवी) की ओर से प्रस्तुत नशामुक्ति पर आधारित नुक्कड़ नाटक रहा। नाटक के माध्यम से नशे की बढ़ती प्रवृत्ति और इसके व्यक्ति, परिवार एवं समाज पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। साथ ही युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं को बताया गया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से पात्र व्यक्तियों को निःशुल्क विधिक सहायता एवं अधिवक्ता उपलब्ध कराने की व्यवस्था है। इसके लिए राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की टोल-फ्री हेल्पलाइन 15100 पर संपर्क कर निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त की जा सकती है।

