Mar 31, 2026
govt-ads

21 अप्रैल से केदारनाथ हेली सेवा शुरू, 8 कंपनियां देंगी सेवाएं, 19 अप्रैल से यमुनोत्री-गंगोत्री के कपाट खुलेंगे, 22 अप्रैल को खुलेगा केदारनाथ धाम

post-img

रुद्रप्रयाग। चारधाम यात्रा 2026 की तैयारियां तेज हो गई हैं। आगामी 19 अप्रैल को यमुनोत्री और गंगोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ ही यात्रा का शुभारंभ होगा। इसके बाद 22 अप्रैल को केदारनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। वहीं, केदारनाथ धाम के लिए हेली सेवाओं का संचालन 21 अप्रैल से शुरू किया जाएगा।

 

यात्रा को सुगम बनाने के लिए उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकेडा) ने हेली सेवाओं के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली है। इस वर्ष कुल 8 हेली कंपनियां केदारनाथ धाम के लिए अपनी सेवाएं देंगी।

 

प्राधिकरण के अनुसार, गुप्तकाशी से 2, फाटा से 4 और सिरसी से 2 हेली ऑपरेटर सेवाएं संचालित करेंगे। हर साल की तरह इन तीनों हेलीपैड से केदारनाथ के लिए उड़ानें संचालित होंगी। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2022 में हेली सेवाओं के लिए तीन वर्षों का टेंडर जारी किया गया था, जिसके बाद इस वर्ष नई टेंडर प्रक्रिया पूरी की गई है।

 

इस बार किराए में भी बदलाव किया गया है। सिरसी से यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को कम किराया देना होगा, जबकि गुप्तकाशी और फाटा से जाने वालों के लिए किराया बढ़ाया गया है। तय दरों के अनुसार, गुप्तकाशी से केदारनाथ का एकतरफा किराया 6,077 रुपए, फाटा से 4,840 रुपए और सिरसी से 3,043 रुपए प्रति व्यक्ति रखा गया है। इन दरों में जीएसटी और बुकिंग शुल्क अतिरिक्त होगा।

 

हेली सेवा की बुकिंग प्रक्रिया अभी शुरू नहीं हुई है। बुकिंग शुरू होने के बाद श्रद्धालु केवल आईआरसीटीसी की आधिकारिक वेबसाइट https://heliyatra.irctc.co.in पर जाकर टिकट बुक कर सकेंगे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अन्य वेबसाइटों से टिकट बुक करने पर ठगी का खतरा हो सकता है।

 

गौरतलब है कि पिछले वर्ष नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) द्वारा नियमों में बदलाव के चलते किराए में भारी वृद्धि हुई थी। पिछले साल गुप्तकाशी से आने-जाने का किराया 12,444 रुपए, फाटा से 8,842 रुपए और सिरसी से 8,839 रुपए निर्धारित था। हालांकि, इस वर्ष नई टेंडर प्रक्रिया के बाद किराए को संशोधित किया गया है।

 

प्रशासन का दावा है कि इस बार यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएंगी।