रूद्रप्रयाग। बद्रीनाथ हाईवे से सटे खांकरा से कुछ दूरी पर सम्राट होटल के पास मोलदा एक युवक के गदेरे में डूबने की सूचना पर एसडीआरएफ की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक का शव बरामद किया। जिला नियंत्रण कक्ष रुद्रप्रयाग से मंगलवार दोपहर 14:10 बजे एसडीआरएफ टीम को सूचना प्राप्त हुई कि खांकरा के समीप एक युवक गदेरे में डूब गया है। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट रतूड़ा से उप निरीक्षक आशीष डिमरी के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
मौके पर पहुंचकर टीम ने तेजी से सर्च ऑपरेशन शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद युवक का शव गदेरे से बाहर निकाला। इसके बाद शव को लगभग तीन किलोमीटर पैदल मार्ग से सड़क तक लाया गया। एसडीआरएफ टीम ने शव को आगे की कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। मृतक की पहचान अंशुल (21) पुत्र विनोद जमलोकी, निवासी ग्राम कोठड़ा, गुप्तकाशी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवक श्रीनगर गढ़वाल में पढ़ाई करता था। जहां से वह अपने दोस्तों के साथ नहाने के लिए मोलदा ग़देरे में आया था।