govt-ads

13 सूत्रीय मांगों को लेकर जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ फिर करेगा आंदोलन, 30 नवंबर को मुख्यमंत्री आवास घेराव

Blog
 Image

4 नवंबर को प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय देहरादून में देंगे एक दिवसीय धरना, मांगों का निस्तारण न होने से शिक्षकों में नाराजगी

 

रुद्रप्रयाग। प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ उत्तराखंड ने अपनी लंबे समय से लंबित 13 सूत्रीय मांगों का निस्तारण न होने पर एक बार फिर आंदोलन शुरू करने का निर्णय लिया है। आंदोलन के तहत 4 नवंबर को प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय, देहरादून में एक दिवसीय चेतावनी धरना दिया जाएगा, जबकि 30 नवंबर को मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया जाएगा। संगठन ने आंदोलन की सूचना मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक शिक्षा), रुद्रप्रयाग को भेज दी है।

संघ के जिलाध्यक्ष लखपत सिंह लिंगवाल और जिला महामंत्री डॉ. राधेलाल उत्तरांचली ने बताया कि संगठन लंबे समय से अपनी 13 सूत्रीय मांगों के निराकरण के लिए सरकार, शासन और शिक्षा विभाग से लगातार अनुरोध करता आ रहा है, लेकिन अभी तक किसी भी मांग का समाधान नहीं हो पाया है। इससे शिक्षकों में नाराजगी है।

उन्होंने बताया कि 8 जून 2026 को देहरादून में आयोजित विशाल गर्जना रैली के दौरान शासन की ओर से शिक्षा मंत्री की अध्यक्षता में संगठन के शीर्ष पदाधिकारियों की बैठक कराने का लिखित आश्वासन दिया गया था। इस वार्ता में सचिव शिक्षा, सचिव कार्मिक, सचिव वित्त, सचिव न्याय, महानिदेशक विद्यालयी शिक्षा और निदेशक प्रारंभिक शिक्षा सहित संबंधित अधिकारियों के शामिल होने की बात कही गई थी। हालांकि, संगठन के अनुसार, आश्वासन के बावजूद अब तक वार्ता नहीं हो पाई और न ही मांगों का निस्तारण किया गया।

संघ पदाधिकारियों के अनुसार, जिला और प्रदेश कोर कमेटी की बैठक में स्थगित आंदोलन को दोबारा शुरू करने का निर्णय लिया गया है। इसके तहत जनपद  की जिला एवं ब्लॉक कार्यकारिणी के पदाधिकारी और सदस्य आंदोलन में प्रतिभाग करेंगे।

संगठन ने संबंधित अधिकारियों को आंदोलन की पूर्व सूचना देते हुए कहा है कि लंबित मांगों के समाधान के लिए अब आंदोलन का रास्ता अपनाया जा रहा है। 4 नवंबर के धरने और 30 नवंबर को प्रस्तावित मुख्यमंत्री आवास घेराव के माध्यम से संगठन अपनी मांगों को सरकार तक पहुंचाएगा।