शासनादेश वापस लेने की मांग, केदार घाटी ठेकेदार एसोसिएशन की बैठक में आंदोलन को लेकर बनी रणनीति
रुद्रप्रयाग/ऊखीमठ। प्रदेश सरकार की ओर से निर्माण कार्यों में अतिरिक्त रॉयल्टी लागू किए जाने के शासनादेश के विरोध में केदार घाटी ठेकेदार एसोसिएशन संघ ने मोर्चा खोल दिया है। एसोसिएशन ने शासनादेश को ठेकेदारों के हितों के प्रतिकूल बताते हुए इसे तत्काल वापस लेने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने समय रहते निर्णय वापस नहीं लिया, तो जनपद के सभी विभागों में निर्माण कार्यों का बहिष्कार किया जाएगा।
केदार घाटी ठेकेदार एसोसिएशन संघ, लोक निर्माण विभाग ऊखीमठ की बैठक अध्यक्ष कुंवर सिंह नेगी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में अतिरिक्त रॉयल्टी लागू किए जाने के निर्णय पर नाराजगी जताते हुए ठेकेदारों ने कहा कि निर्माण कार्यों के दौरान उन्हें पहले से ही कई आर्थिक और व्यावहारिक चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में अतिरिक्त रॉयल्टी का भार पड़ने से निर्माण कार्यों की लागत बढ़ने के साथ ही ठेकेदारों पर आर्थिक दबाव भी बढ़ेगा।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि निर्माण कार्यों को निर्धारित मानकों और समयसीमा के भीतर पूरा करने के लिए ठेकेदारों को अनुकूल परिस्थितियां मिलना जरूरी है। अतिरिक्त आर्थिक भार से उनकी परेशानियां बढ़ सकती हैं। उन्होंने सरकार से इस मामले में पुनर्विचार कर शासनादेश वापस लेने की मांग की।
शासनादेश वापस नहीं हुआ तो व्यापक आंदोलन
रुद्रप्रयाग। एसोसिएशन की बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि प्रदेश सरकार ने अतिरिक्त रॉयल्टी संबंधी शासनादेश वापस नहीं लिया, तो जनपद के सभी विभागों में संचालित होने वाले निर्माण कार्यों का बहिष्कार किया जाएगा। एसोसिएशन ने कहा कि ठेकेदारों की समस्याओं का समाधान संवाद के माध्यम से किया जाना चाहिए, ताकि विकास कार्य प्रभावित न हों। हालांकि, मांग पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में आंदोलन को व्यापक रूप दिया जाएगा।
बैठक में ठेकेदारों ने एकजुटता दिखाते हुए शासनादेश वापस लेने की मांग दोहराई। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार की ओर से समय रहते निर्णय नहीं लिए जाने पर जनपदभर में निर्माण कार्यों के बहिष्कार की चेतावनी को अमल में लाया जाएगा।
इस मौके पर एसोसिएशन के संरक्षक कुलदीप कण्डारी, विनोद कप्रवाण, विनोद रावत, सतीश मैठाणी, सरजीत भण्डारी, कर्मवीर बर्त्वाल, सिंचाई खंड केदारनाथ ठेकेदार संघ के अध्यक्ष लखपत बर्त्वाल, छत्रपाल कुंवर, विनोद नेगी, अनूप रावत, बलवंत नेगी और लक्ष्मी प्रसाद नौटियाल सहित अन्य ठेकेदार मौजूद रहे।

