रुद्रप्रयाग। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशन में 'सेवा, सुशासन, समर्पण' कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिला चिकित्सालय में आयोजित तीन दिवसीय विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर का शुक्रवार से शुभारंभ हो गया। शिविर के पहले दिन 281 मरीजों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श एवं नि:शुल्क दवाएं वितरित की गईं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारूल गोयल ने बताया कि शिविर के पहले दिन जांच के दौरान 23 मरीज उच्च रक्तचाप (हाइपरटेंशन) तथा 20 मरीज मधुमेह (डायबिटीज) से पीड़ित पाए गए। सभी मरीजों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह देने के साथ आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई गईं।
उन्होंने बताया कि शिविर में 4 लोगों की टीबी स्क्रीनिंग तथा 31 गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व (एएनसी) जांच की गई। इसके अलावा माहवारी स्वच्छता, पोषण एवं अन्य स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर 54 लोगों की काउंसलिंग भी की गई।
शिविर के दौरान 73 मरीजों के लैब टेस्ट, 45 अल्ट्रासाउंड और 129 एक्स-रे किए गए। वहीं 25 लोगों की आभा आईडी तथा 6 आयुष्मान भारत कार्ड बनाए गए। इस अवसर पर दो स्वैच्छिक रक्तदाताओं ने रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि तीन दिवसीय विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर का उद्देश्य आमजन को एक ही स्थान पर गुणवत्तापूर्ण एवं विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से शिविर का लाभ उठाने की अपील की।