Jul 22, 2026

जिला सैनिक कल्याण परिषद की बैठक में पूर्व सैनिकों की समस्याओं पर गंभीर मंथन, त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश,

post-img

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा बोले— पूर्व सैनिकों के सम्मान, सुविधा और कल्याण से जुड़े मामलों में प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ करेगा कार्य,

रुद्रप्रयाग। राष्ट्र की सेवा में अपना सर्वोच्च योगदान देने वाले पूर्व सैनिकों एवं वीर नारियों की समस्याओं के समाधान और उनके कल्याण से जुड़े मुद्दों पर बुधवार को जिला कार्यालय सभागार में आयोजित जिला सैनिक कल्याण परिषद की बैठक में व्यापक चर्चा हुई। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में पूर्व सैनिकों द्वारा उठाई गई विभिन्न मांगों, सुझावों एवं समस्याओं पर गंभीरता से विचार करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

 

बैठक में पूर्व सैनिकों ने कैंटीन व्यवस्था को अधिक सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं सुविधाजनक बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव रखे। उन्होंने यूनिट एसओपी के अनुरूप कैंटीन परिसर में आवश्यक जानकारियां सूचना पट्ट पर प्रदर्शित करने, 70 वर्ष से अधिक आयु के पूर्व सैनिकों एवं वीर नारियों के लिए गेट के भीतर टोकन वितरण की व्यवस्था करने तथा उन्हें प्राथमिकता दिए जाने की मांग की। वरिष्ठ पूर्व सैनिकों की सहज पहचान के लिए अलग रंग के टोकन जारी करने का सुझाव भी बैठक में प्रमुखता से रखा गया।

 

इसके अलावा कैंटीन परिसर में पार्किंग सुविधा विकसित करने, ग्रोसरी एवं लिकर काउंटरों की व्यवस्थाओं में सुधार तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की मांग भी की गई। पूर्व सैनिकों ने ईसीएचएस रुद्रप्रयाग में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ-साथ अल्ट्रासाउंड एवं एक्स-रे मशीन की स्थापना की आवश्यकता भी प्रमुखता से उठाई।

 

पूर्व सैनिक संगठन की नियमित बैठकों एवं सामाजिक कार्यक्रमों के संचालन के लिए पृथक बैठक हॉल निर्माण की मांग पर जिलाधिकारी ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए निर्देश दिए कि जब तक नया भवन तैयार नहीं हो जाता, तब तक जिला पंचायत सभागार पूर्व सैनिकों की बैठकों के लिए उपलब्ध कराया जाए।

 

बैठक में गुलाबराय मैदान स्थित शहीद स्मारक के संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण का विषय भी प्रमुखता से उठाया गया। इसके साथ ही नगर क्षेत्र में बढ़ती आवारा पशुओं की समस्या के समाधान तथा आशा, आंगनबाड़ी, ग्राम प्रहरी एवं वन प्रहरी जैसे विभिन्न पदों पर पूर्व सैनिकों को वरीयता देने की मांग भी रखी गई।

 

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने सभी सुझावों और मांगों को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि जनपद स्तर पर समाधान योग्य मामलों में नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, जबकि शासन स्तर से संबंधित प्रस्तावों को प्राथमिकता के साथ शासन को भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों ने राष्ट्र की सुरक्षा और सम्मान के लिए अपना अमूल्य योगदान दिया है। उनके सम्मान, सुविधा और कल्याण से जुड़े प्रत्येक विषय पर प्रशासन पूरी संवेदनशीलता एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा।

 

कैंटीन व्यवस्थाओं से संबंधित विषयों पर 8 सिख लाइट इन्फैंट्री रेजीमेंट के मेजर ओमवीर सिंह ने पूर्व सैनिकों को भरोसा दिलाया कि उनकी मांगों पर प्रचलित नियमों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई की जाएगी तथा कैंटीन की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए सकारात्मक प्रयास किए जाएंगे।

 

बैठक में राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष ऐश्वर्या रावत, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, निवर्तमान जिला पंचायत सदस्य शीला रावत, सहायक सैनिक कल्याण अधिकारी ए.एस. बिष्ट, प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सीमा टेकचंदानी, जिला समाज कल्याण अधिकारी टी.आर. मलेठा, प्रभारी शिकायत प्रकोष्ठ विनोद भास्कर, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक एवं वीर नारियां उपस्थित रहीं।