Jul 22, 2026

8 घंटे बाद खुला केदारनाथ पैदल मार्ग, तीर्थ यात्रियों ने ली राहत की सांस, छौड़ी क्षेत्र में भूस्खलन से हुआ था मार्ग अवरुद्ध,

post-img

डीडीआरएफ, पुलिस, वाईएमएफ और मजदूरों की संयुक्त टीम ने हटाया मलबा,

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम यात्रा मार्ग पर गौरीकुण्ड से लगभग एक किलोमीटर आगे छौड़ी क्षेत्र में बुधवार सुबह हुए भूस्खलन के कारण अवरुद्ध हुआ पैदल मार्ग करीब आठ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पुनः सुचारु कर दिया गया। मार्ग खुलते ही रुके हुए हजारों तीर्थ यात्रियों ने राहत की सांस ली और प्रशासन की निगरानी में यात्रा फिर से शुरू कराई गई।

जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह लगभग 6 बजे छौड़ी क्षेत्र में पहाड़ी से भारी बोल्डर और मलबा अचानक पैदल मार्ग पर आ गिरा, जिससे मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया। यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन ने तत्काल आवाजाही रोक दी और यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर ठहराया।

सूचना मिलते ही डीडीआरएफ, वाईएमएफ, पुलिस तथा श्रमिकों की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और युद्धस्तर पर राहत एवं बहाली कार्य शुरू किया। लगातार कई घंटों तक चले अभियान के दौरान भारी बोल्डरों और मलबे को हटाकर मार्ग को सुरक्षित बनाया गया। इसके बाद प्रशासन ने स्थिति का निरीक्षण कर पैदल यात्रा को पुनः संचालित कराया।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि लगभग आठ घंटे के अथक प्रयास के बाद केदारनाथ पैदल मार्ग को पूरी तरह आवाजाही के लिए खोल दिया गया है। उन्होंने कहा कि यात्रा प्रशासन की सतत निगरानी में संचालित की जा रही है तथा मौसम की स्थिति को देखते हुए सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने तीर्थ यात्रियों से अपील की कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, केवल निर्धारित एवं सुरक्षित मार्ग का ही उपयोग करें तथा मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए अनावश्यक जोखिम न उठाएं।

लगातार हो रही वर्षा के मद्देनज़र प्रशासन संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी बनाए हुए है। किसी भी संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए राहत एवं बचाव दलों को अलर्ट मोड पर रखा गया है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।